उत्तर प्रदेश के हापुड़(Hapur) जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवती ने आरोप लगाया है कि उसने दुकान से जो पानी की बोतल खरीदी थी उसमें पानी की जगह कथित तौर पर एसिड मौजूद था। युवती के मुताबिक, उसने बोतल से पानी समझकर घूंट लिया जिसके बाद उसकी हालत अचानक खराब हो गई।
घटना के बाद युवती को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मेरठ के एक हायर सेंटर रेफर कर दिया जहां उसका इलाज जारी है।
सामने आया CCTV फुटेज
मामला हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र के अर्जुन नगर मोहल्ले का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, युवती ने एक स्थानीय दुकान से पानी की बोतल खरीदी थी। इस दौरान का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें युवती के दुकान से बोतल लेने का दावा किया जा रहा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, बोतल में वास्तव में क्या था और वह उसमें कैसे पहुंचा इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद हापुड़ नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, बोतल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच का मुख्य बिंदु यह है कि बोतल में कथित रूप से एसिड कैसे पहुंचा और इसमें किसी व्यक्ति या लापरवाही की भूमिका रही या नहीं।
फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से पड़ताल कर रही है। घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच चिंता का माहौल है। वहीं, युवती के स्वास्थ्य को लेकर परिवार और स्थानीय लोग उसके जल्द ठीक होने की उम्मीद कर रहे हैं।