HomeBreaking News220 फीट गहरा बोरवेल और अंदर गिरा 4 साल का मासूम निर्भय......

220 फीट गहरा बोरवेल और अंदर गिरा 4 साल का मासूम निर्भय… हरियाणा में फिर प्रिंस जैसा कांड! बचाव में जुटी सेना-NDRF

Ambala Nirbhay Borewell Case: हरियाणा के अंबाला जिले के गांव धन्यौड़ा में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां 4 साल का मासूम निर्भय करीब 220 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, सेना, एनडीआरएफ और दूसरे बचाव दल मौके पर पहुंच गए। बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्ध स्तर पर राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

खेत में खेलते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह बजे निर्भय अपने पिता, चाचा और चचेरे भाई के साथ खेत गया था। परिवार के दूसरे लोग खेत में काम कर रहे थे, जबकि बच्चा पास में खेल रहा था। इसी दौरान वह खुले पड़े ट्यूबवेल के बोरवेल में गिर गया। घटना का पता चलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और तुरंत जिला प्रशासन को सूचना दी गई।

सेना और NDRF ने संभाला मोर्चा

मामले की गंभीरता और बोरवेल की अधिक गहराई को देखते हुए जिला प्रशासन ने तुरंत सेना और NDRF की मदद ली। मौके पर पहुंची टीमों ने बचाव अभियान शुरू कर दिया है। बोरवेल के अंदर बच्चे तक ऑक्सीजन पहुंचाई जा रही है। वहीं कैमरे की मदद से बच्चे की स्थिति और उसकी हरकतों पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि रेस्क्यू ऑपरेशन को सुरक्षित और सही तरीके से आगे बढ़ाया जा सके।

20 साल पहले प्रिंस का मामला आया याद

इस घटना ने करीब 20 साल पहले हरियाणा के कुरुक्षेत्र में हुए प्रिंस बोरवेल हादसे की याद ताजा कर दी। उस समय भी प्रिंस नाम का एक मासूम गहरे बोरवेल में गिर गया था, जिसे सेना के लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया था। अंबाला की इस घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए हैं। वहीं मासूम के पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।

डीसी बोले- हरसंभव प्रयास किए जा रहे

अंबाला के डीसी अजय तोमर ने बताया कि बच्चा अपने पिता के लिए खाना लेकर खेत पहुंचा था और खेलते-खेलते खुले बोरवेल में गिर गया। उन्होंने कहा कि सेना और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर मौजूद हैं और बचाव के लिए सभी जरुरी सामान मंगवाया गया है। डॉक्टरों की टीम भी मौके पर तैनात है और परिवार के सदस्यों की स्वास्थ्य जांच की जा रही है।

खुले बोरवेल पर होगी कार्रवाई

डीसी अजय तोमर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बोरवेल की गहराई करीब 220 फीट पाई गई है। उन्होंने कहा कि पड़ोसी की ओर से बोरवेल खुला छोड़ा गया था। इस मामले में संबंधित एसएचओ को जरुरी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं और यदि जरुरत पड़ी तो समानांतर खुदाई कर रेस्क्यू ऑपरेशन को आगे बढ़ाया जाएगा।

Read More:

‘उस समय न बेटियां सुरक्षित थीं, न व्यापारी…’ रामपुर में विपक्ष पर जमकर बरसे CM योगी, बोले- अन्याय राज खत्म हुआ…

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments