महाराष्ट्र टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट (TET) पेपर लीक(TET paper leak case) मामले की जांच में ठाणे पुलिस को एक अहम सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में कथित मुख्य आरोपी बिजेंद्र कुमार गुप्ता की पत्नी सुमन कुमारी को बिहार की राजधानी पटना से गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। जांच एजेंसियों के मुताबिक, समस्तीपुर निवासी बिजेंद्र कुमार गुप्ता इस पूरे रैकेट का प्रमुख संचालक माना जा रहा है।
हालांकि वह अभी भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए महाराष्ट्र पुलिस की विशेष टीमें बिहार, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा सहित कई राज्यों में लगातार छापेमारी कर रही हैं। अब तक वह पुलिस के हाथ नहीं लग सका है। इस मामले में भिवंडी पुलिस पहले ही तीन लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। पूछताछ के दौरान मिले सुरागों के आधार पर ही बिजेंद्र कुमार गुप्ता का नाम जांच के केंद्र में आया। इसके बाद पुलिस ने उसके नेटवर्क और गतिविधियों की गहन जांच शुरू की।
पहले भी सामने आ चुका बिजेंद्र का नाम
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि बिजेंद्र का नाम पहले भी कई भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक से जुड़े मामलों में सामने आ चुका है। जांच अधिकारियों का मानना है कि वह 25 सालों से ऐसे नेटवर्क से जुड़ा रहा है। जिसमें साल 2011 में सामने आए पेपर लीक मामले में उसका नाम सामने आया था। हालांकि उसके खिलाफ सभी आरोपों का अंतिम निर्णय अदालत में पेश किए गए सबूतों और न्यायिक प्रक्रिया के आधार पर होगा।
पेपर लीक के चलते परीक्षा हुई स्थगित
पेपर लीक के शक के बाद महाराष्ट्र सरकार ने 28 जून को प्रस्तावित TET-2026 परीक्षा को स्थगित करने का निर्णय लिया। इस परीक्षा में लगभग छह लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की उम्मीद थी और राज्यभर में 1,728 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।
सरकार का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस मामले में किन-किन राज्यों और व्यक्तियों की भूमिका रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी।