International Yoga Day 2026: हरियाणा में 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। राज्य का मुख्य और सबसे बड़ा कार्यक्रम पंचकूला के सेक्टर-5 स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित किया गया है। राज्यस्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और स्वास्थ्य मंत्री आरती राव लगभग 10 हजार नागरिकों के साथ सामूहिक योगाभ्यास कर रहे हैं। योग के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए प्रशासन ने व्यापक स्तर पर तैयारियां की हैं।
पूरे प्रदेश में आयोजित हो रहे कार्यक्रम
पंचकूला के मुख्य आयोजन के अलावा हरियाणा के विभिन्न जिलों में भी योग दिवस के विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। करनाल में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, सिरसा में केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह, फरीदाबाद में केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर, पानीपत में विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण और सिरसा के एक अन्य कार्यक्रम में डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा योग कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं। इससे पूरे प्रदेश में योग दिवस को लेकर उत्साह दिखाई दे रहा है।
LIVE: State level Function of International Yoga Day (Panchkula) https://t.co/HeqNSO0V1Q
— Nayab Saini (@NayabSainiBJP) June 21, 2026
गुरुग्राम में शिल्पा शेट्टी का इंतजार
गुरुग्राम में आयोजित योग कार्यक्रम में बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी को योग सत्र का हिस्सा बनना था। हालांकि सुबह पौने सात बजे तक उनके कार्यक्रम स्थल पर नहीं पहुंचने के कारण वहां मौजूद लोग उनका इंतजार करते नजर आए। आयोजन स्थल पर बड़ी संख्या में लोग सुबह से ही जुटे हुए थे।
सुरक्षा के लिए 200 पुलिसकर्मी तैनात
राज्यस्तरीय समारोह में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। रिपोर्ट के अनुसार डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने बताया कि आयोजन स्थल पर चप्पे-चप्पे पर करीब 200 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा के साथ-साथ भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
500 पुलिस जवानों ने भी किया योग
पंचकूला पुलिस के करीब 500 जवान भी योगाभ्यास में शामिल हो रहे हैं। प्रशासन का मानना है कि पुलिसकर्मियों की भागीदारी से आम लोगों के बीच स्वस्थ जीवनशैली का सकारात्मक संदेश जाएगा। कार्यक्रम में शामिल विदेशी मेहमानों की सुविधा और तालमेल के लिए विशेष संपर्क अधिकारियों (लायजन ऑफिसर) की भी नियुक्ति की गई है।
प्रतिभागियों के लिए तय किया गया ड्रेस कोड
आयोजन को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाए रखने के लिए जिला उपायुक्त सतपाल शर्मा ने विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। योग शिविर में शामिल होने वाले प्रतिभागियों के लिए सफेद टी-शर्ट के साथ नीले या काले रंग की ट्रैक पैंट पहनना अनिवार्य किया गया है। प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से कार्यक्रम स्थल के भीतर किसी भी प्रकार का बैग ले जाने पर पूरी तरह रोक लगा दी है।
केवल पानी की बोतल ले जाने की अनुमति
सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रवेश द्वार से प्रतिभागियों को केवल एक पानी की बोतल साथ ले जाने की अनुमति दी जा रही है। अन्य किसी सामान को कार्यक्रम स्थल के अंदर ले जाने की इजाजत नहीं है। प्रशासन ने सभी प्रतिभागियों से निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है।
ट्रैफिक और पार्किंग के लिए विशेष इंतजाम
भारी भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने पार्किंग और यातायात की विशेष व्यवस्था की है। बसों से आने वाले प्रतिभागियों के वाहनों के लिए सेक्टर-5 में निक बेकर के पीछे स्थित धरना स्थल को पार्किंग क्षेत्र बनाया गया है। वहीं निजी वाहनों और ड्यूटी पर तैनात सरकारी कर्मचारियों के वाहनों के लिए सेक्टर-4 स्थित सरकारी कार्यालयों के सामने पार्किंग की व्यवस्था की गई है, ताकि शहर में यातायात सुचारु बना रहे।
Read More:

