PM Modi Convoy Cut: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने काफिले का आकार कम करने का फैसला लिया है। उन्होंने SPG कमांडोज को निर्देश देकर हालिया घरेलू यात्राओं के दौरान इस बदलाव को लागू भी कर दिया गया। सूत्रों के मुताबिक, काफिले में वाहनों की संख्या घटाई गई है, हालांकि एसपीजी सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत जरूरी सुरक्षा इंतजाम पहले की तरह बनाए रखे गए हैं। प्रधानमंत्री के हैदराबाद भाषण के बाद गुजरात और असम में भी इस बदलाव को लागू किया गया।
ई-वाहनों को बढ़ावा देने की तैयारी
प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी निर्देश दिए हैं कि जहां संभव हो, उनके काफिले में इलेक्ट्रिक वाहनों को शामिल किया जाए। हालांकि उन्होंने साफ किया है कि इसके लिए नए वाहन खरीदने की जरूरत नहीं होगी। सरकार मौजूदा संसाधनों के भीतर ही ई-वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ाने की कोशिश करेगी। इसे ऊर्जा बचत और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा संकेत माना जा रहा है।
भाजपा शासित राज्यों में दिखने लगा असर
प्रधानमंत्री की अपील का असर अब भाजपा शासित राज्यों में भी दिखाई देने लगा है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव समेत कई नेताओं ने अपने काफिलों में वाहनों की संख्या घटाने का फैसला किया है। इसे सरकारी खर्च कम करने और ईंधन बचत अभियान का हिस्सा बताया जा रहा है।
यूपी में योगी सरकार का बड़ा कदम
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अपने और मंत्रियों के काफिलों में तुरंत 50 फीसदी तक कटौती करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिनकी जरुरत नहीं हैं उन वाहनों को हटाया जाए और जरूरत के मुताबिक ही वाहन इस्तेमाल हों। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से भी पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने, सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करने और गैरजरूरी सोने की खरीद से बचने की अपील की। CM योगी ने कहा कि सरकार को खुद बचत का उदहारण पेश करना चाहिए।
मध्य प्रदेश में घटा CM काफिला
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी अपने काफिले का आकार कम कर दिया है। पहले जहां उनके काफिले में 13 वाहन चलते थे, अब इसे घटाकर आठ वाहन कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले आदेश तक सभी सरकारी दौरों में सीमित वाहनों का ही उपयोग होगा। उन्होंने यह भी साफ किया कि सुरक्षा के लिए जरूरी न्यूनतम वाहन ही शामिल रहेंगे और किसी प्रकार की वाहन रैली नहीं निकाली जाएगी।
राजस्थान में भी लागू नियम
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी सरकारी खर्च और ईंधन बचत को ध्यान में रखते हुए अपने काफिले में वाहनों की संख्या न्यूनतम रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि अनावश्यक वाहनों के उपयोग से बचा जाए और सरकारी संसाधनों का जिम्मेदारी से इस्तेमाल हो।
Read More:
एन. रंगासामी ने ली पुडुचेरी के CM पद की शपथ, नमशिवायम और मल्लादी कृष्ण राव बने मंत्री

