आनंद महिंद्रा(Mahindra) ने हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक खास तरह के सैन्य वाहन की झलक साझा की, जिसने लोगों का ध्यान खींचा है। यह वाहन Mahindra Defence द्वारा विकसित एक ऑल-टेरेन व्हीकल (ATV) है, जिसे सुरक्षा बलों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है।
यह नया मॉडल लोकप्रिय Mahindra Thar के उन्नत वर्जन Thar Roxx पर आधारित है, लेकिन इसे पूरी तरह सैन्य उपयोग के अनुरूप बदला गया है। मजबूत बनावट और कठिन इलाकों में बेहतर प्रदर्शन के कारण थार पहले से ही ऑफ-रोड शौकीनों के बीच पसंदीदा रही है और अब इसका यह रूप सेना के लिए उपयोगी साबित हो सकता है।
किस कार्यक्रम में पेश हुआ नया वाहन ?
इस वाहन को “रक्षा त्रिवेणी संगम” कार्यक्रम में पेश किया गया, जहां इसे अब तक का सबसे सशक्त और टैक्टिकल थार वर्जन बताया गया। इसे Prad 4×4 के सहयोग से तैयार किया गया है। आनंद महिंद्रा ने इसकी खासियतों की सराहना करते हुए कहा कि इसमें हर फीचर का एक स्पष्ट उद्देश्य है और इसे पूरी तरह व्यावहारिक जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है।
क्या है इसकी खासियत ?
तकनीकी रूप से यह वाहन 2.2 लीटर डीजल इंजन पर आधारित है, जो करीब 172 हॉर्सपावर और 400 Nm टॉर्क देता है। इसमें पारंपरिक छत की जगह रोल केज दिया गया है, जिससे मजबूती और सुरक्षा बढ़ती है। साथ ही इसमें मजबूत मेटल बंपर, टो हुक, अतिरिक्त टायर रखने की व्यवस्था और ईंधन के लिए जेरिकैन होल्डर जैसी सुविधाएं भी शामिल हैं।
कंपनी का दावा है कि इसे एयरड्रॉप ऑपरेशन के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इस ATV की सबसे खास बात इसमें दिया गया गन माउंट, अंडरबॉडी प्रोटेक्शन और ब्लैकआउट लाइट्स हैं जो रात के अभियानों में मददगार होते हैं। स्टील व्हील्स और मजबूत टायर इसे दुर्गम रास्तों पर बेहतर पकड़ देते हैं।