पंजाब में 2 IAS अधिकारी सस्पेंड: आंगनबाड़ी वर्करों के लिए स्मार्टफोन खरीद में देरी पर कार्रवाई
पंजाब सरकार ने शनिवार को दो IAS अधिकारियों को निलंबित कर दिया। सूत्रों के अनुसार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए स्मार्टफोन खरीदने में हुई देरी के चलते यह कार्रवाई की गई है। यह मामला काफी समय से लंबित था, हालांकि जारी आदेश में निलंबन का स्पष्ट कारण नहीं बताया गया है
पंजाब सरकार ने शनिवार को दो IAS अधिकारियों को निलंबित कर दिया। सूत्रों के अनुसार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए स्मार्टफोन खरीदने में हुई देरी के चलते यह कार्रवाई की गई है। यह मामला काफी समय से लंबित था, हालांकि जारी आदेश में निलंबन का स्पष्ट कारण नहीं बताया गया है। सरकार ने इसके साथ ही एक अतिरिक्त मुख्य सचिव और एक संयुक्त सचिव का तबादला भी कर दिया है। वहीं, चार अन्य अधिकारियों के भी ट्रांसफर किए गए हैं।
उद्योग, निवेश प्रोत्साहन और सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के प्रशासनिक सचिव कमल किशोर यादव और पंजाब इन्फोटेक के प्रबंध निदेशक जसप्रीत सिंह को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड किया गया है। दोनों निलंबित अधिकारियों को चंडीगढ़ स्थित राज्य मुख्यालय में तैनात किया जाएगा। इसी बीच 2001 बैच के IAS अधिकारी गुरकीरत किरपाल सिंह को नई तैनाती दी गई है। उन्हें उद्योग, निवेश प्रोत्साहन और सामाजिक सुरक्षा विभाग का प्रमुख बनाया गया है। यह दोनों विभाग पहले कमल किशोर यादव और विकास प्रताप के पास थे। गुरकीरत किरपाल सिंह पिछले करीब 11 महीनों से पोस्टिंग का इंतजार कर रहे थे।
वहीं, पंजाब इन्फोटेक के एमडी का अतिरिक्त प्रभार एसएस बराड़ को सौंपा गया है। इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा विभाग के विकास प्रताप और संयुक्त सचिव आनंद सागर शर्मा को भी पद से हटा दिया गया है। विकास प्रताप को फिलहाल कोई नई पोस्टिंग नहीं दी गई है, जबकि आनंद सागर शर्मा को गुरदासपुर का अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही 1998 बैच के IAS अधिकारी एस करूणा राजू को पंजाब भवन, नई दिल्ली में प्रमुख रेसिडेंट कमिश्नर के पद पर तैनात किया गया है।
What's Your Reaction?