Haryana : CM नायब सिंह सैनी ने PM मोदी से की मुलाकात, विकास कार्यों को लेकर हुई चर्चा
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की, जहां राज्य में विकास कार्यों और आने वाले राजनीतिक कार्यक्रमों पर चर्चा हुई। सैनी ने प्रधानमंत्री को अंबाला में शहीद स्मारक का उद्घाटन करने के लिए आमंत्रित किया, जिससे पीएम मोदी का जल्द ही हरियाणा आना संभव हो सके।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस अहम बैठक में हरियाणा में चल रही विकास योजनाओं, बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्यों और आने वाले समय की प्राथमिकताओं पर गहन मंथन हुआ। साथ ही प्रदेश की राजनीतिक गतिविधियों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को अंबाला में बनकर तैयार हुए भव्य ‘शहीद स्मारक’ के लोकार्पण के लिए आमंत्रित किया है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शीघ्र ही हरियाणा के दौरे पर आ सकते हैं।
भविष्य की रणनीतियोें पर हुई चर्चा
मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर जानकारी साझा करते हुए लिखा कि नई दिल्ली में प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान प्रदेश में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों, भविष्य की रणनीतियों और समसामयिक विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पेश किया गया ‘विकसित भारत बजट’ देश को आत्मनिर्भर, मजबूत और समावेशी विकास की दिशा में आगे बढ़ाने वाला एक दूरदर्शी कदम है। यह बजट समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की पहुंच सुनिश्चित करने की केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
सीएम सैनी ने पीएम मोदी का जताया आभार
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री सैनी ने पंजाब स्थित आदमपुर एयरपोर्ट का नाम ‘संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज’ के नाम पर रखने के निर्णय के लिए प्रधानमंत्री का विशेष आभार भी जताया। उन्होंने इसे सामाजिक सौहार्द और समरसता को मजबूत करने वाला ऐतिहासिक फैसला बताया।
प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को ही नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भी भेंट की। इस दौरान संगठन को और सशक्त बनाने, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने को लेकर चर्चा की गई।
यह भी पढ़ें : दहेज की भूख ने तोड़ी शादी, नई दुल्हन को तलाक देकर पति ने हलाला की रखी शर्त...
What's Your Reaction?