जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार दोपहर सुरक्षाबलों पर हमला हुआ। बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने CRPF की पेट्रोलिंग पार्टी पर अचानक फायरिंग कर दी। इस हमले में दो जवान घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अनंतनाग जिले के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमले के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। हमलावरों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। फिलहाल किसी आतंकी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
पेट्रोलिंग पार्टी पर की फायरिंग
CRPF के मुताबिक, घटना बुधवार दोपहर करीब 2:15 बजे हुई। बाइक पर सवार होकर पहुंचे अज्ञात हमलावरों ने इलाके में तैनात पेट्रोलिंग पार्टी के जवानों पर गोलियां चलाईं। फायरिंग के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। अचानक हुए हमले में CRPF के दो जवान घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जवाबी कार्रवाई के लिए पहुंचीं क्विक रिएक्शन टीमें
फायरिंग के बाद CRPF के जवानों ने जवाबी कार्रवाई की। सूचना मिलते ही क्विक रिएक्शन टीमें (QRT) भी घटनास्थल पर पहुंच गईं और सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली। सुरक्षाबलों ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों को घेर लिया है, ताकि हमलावरों के भागने के रास्तों पर नजर रखी जा सके।
सर्च ऑपरेशन जारी
हमले के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सुरक्षाबलों की टीमें आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चला रही हैं। हमलावरों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए स्थानीय स्तर पर भी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल सर्च ऑपरेशन जारी है। अधिकारियों की ओर से हमले में शामिल लोगों या उनकी पहचान को लेकर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।
Read More

