लखनऊ के इंदिरानगर थाना क्षेत्र के सुगामऊ में बच्चा चोरी की अफवाह ने हिंसक रूप ले लिया। यहां मानसिक रूप से कमजोर एक महिला को बच्चा चोर समझकर लोगों ने पकड़ लिया। आरोप है कि भीड़ ने उसे रस्सी से बांधकर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन मुख्य आरोपियों को हिरासत में लिया है। गंभीर रूप से घायल महिला को डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके पति की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बच्चे को गोद में उठाने पर मचा हंगामा
महिला मूल रूप से बाराबंकी की रहने वाली है और मानसिक रूप से कमजोर बताई जा रही है। मंगलवार सुबह वह भटकते हुए इंदिरानगर के सुगामऊ इलाके में झुग्गी-बस्तियों के पास पहुंच गई। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के मुताबिक, वहां एक छोटा बच्चा खेल रहा था। महिला ने उसे दुलारने के लिए अपनी गोद में उठा लिया। इसी बात पर वहां मौजूद कुछ लोगों ने शोर मचा दिया और उसे बच्चा चोर समझकर पकड़ लिया। आरोप है कि लोगों ने महिला को बंधक बनाकर रस्सी से बांध दिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। सूचना मिलने पर इंदिरानगर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को भीड़ से छुड़ाया।
पति ने बताया- मानसिक रूप से अस्वस्थ है पत्नी
महिला के पति ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी मानसिक रूप से अस्वस्थ है और वह किसी बच्चे को चोरी करने की कोशिश नहीं कर रही थी। पुलिस ने घायल महिला को एंबुलेंस से लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर पीड़िता का हाल जाना और उसके पति से घटना की जानकारी ली। पति की लिखित शिकायत के आधार पर इंदिरानगर थाने में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान
अपर पुलिस उपायुक्त पूर्वी अमोल मुर्कुट ने बताया कि सोशल मीडिया पर महिला के साथ मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया। जांच में पता चला कि महिला मानसिक रूप से कमजोर है और उसे बच्चा चोर समझकर कुछ लोगों ने बंधक बनाकर पीटा था।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन मुख्य आरोपियों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा वायरल वीडियो के आधार पर भीड़ में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मामले में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
Read More


[…] लखनऊ में बच्चा चोर समझकर महिला को रस्स… […]