Sangrur Bus Accident: पंजाब के संगरूर में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई और 24 यात्री घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब संगरूर से चंडीगढ़ जा रही पंजाब रोडवेज की PRTC बस ओवरब्रिज के पास पहुंची। इसी दौरान चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा। बस पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सड़क किनारे खेतों में उतरकर एक पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
15 घायलों को पटियाला किया गया रेफर
हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में राहगीरों ने भी मदद की। घायलों को एंबुलेंस के जरिए संगरूर के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। गंभीर रूप से घायल 15 यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए पटियाला रेफर कर दिया गया। इनमें से गंभीर मरीजों को पटियाला के राजिंदरा अस्पताल में भर्ती कराने की जानकारी सामने आई है। बाकी घायलों का इलाज संगरूर में जारी है।
CM भगवंत मान ने जताया दुख
संगरूर बस हादसे पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में तीन लोगों की मौत और 24 यात्रियों के घायल होने पर शोक जताते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि सभी घायलों का मुफ्त इलाज सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और पीड़ित परिवारों को इस मुश्किल घड़ी में दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
साफ मौसम में हुआ हादसा
पुलिस अधिकारी मेहर सिंह के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त बस PRTC की थी और उसमें काफी संख्या में यात्री सवार थे। हादसे के समय मौसम साफ था और इलाके में धुंध भी नहीं थी। शुरुआती जानकारी और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर बस की तेज रफ्तार को दुर्घटना की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
तीनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और दुर्घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने तीनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इसमें बस की रफ्तार, चालक की भूमिका और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जाएगी।
Read More:


[…] […]
[…] […]