ईरान और अमेरिका के बीच जारी भीषण तनाव के बीच एक नए सैन्य टकराव की खबर सामने आई है। ईरानी मीडिया ने होर्मोजगान प्रांत के स्थानीय अधिकारियों के हवाले से दावा किया है कि अमेरिकी बलों ने क़ेश्म द्वीप के समीप ईरान की दो मछली पकड़ने वाली नौकाओं पर हमला कर दिया। इस घटना में दो ईरानी मछुआरे लापता बताए जा रहे हैं, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हुआ है। हालांकि, अमेरिका ने इस कथित हमले पर फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि या प्रतिक्रिया जारी नहीं की है।
सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई का आक्रामक रुख
इस घटनाक्रम के तुरंत बाद ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने अपने सशस्त्र बलों को किसी भी अमेरिकी या इजरायली हिमाकत का मुंहतोड़ जवाब देने का सख्त लिखित आदेश दिया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि ईरान के संभावित पलटवार की कोई भी भौगोलिक सीमा तय नहीं होगी। खामेनेई ने कहा कि यदि दुश्मन देश दोबारा किसी तरह के सैन्य या आतंकी हमले को अंजाम देते हैं, तो छिड़ने वाले नए युद्ध को खत्म करने का वक्त और शर्तें केवल ईरान ही तय करेगा।
‘टारगेट लिस्ट’ अपडेट करने के निर्देश
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सुप्रीम लीडर ने ईरानी सेना को अमेरिका और इजरायल के सभी प्रमुख सैन्य ठिकानों व संसाधनों को अपनी जद में लेते हुए नई ‘टारगेट लिस्ट’ तैयार करने का हुक्म दिया है। इसके साथ ही देश के भीतर हथियारों और गोला-बारूद का उत्पादन बढ़ाने, सैन्य खुफिया तंत्र को और अधिक मजबूत करने तथा स्वदेशी रक्षा क्षमताओं को प्राथमिकता के आधार पर विकसित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
मिडटर्म चुनाव के बाद हमले की आशंका
यह समूचा घटनाक्रम ऐसे नाजुक समय में हुआ है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लगातार ईरान पर सैन्य कार्रवाई के संकेत दे रहे हैं। रणनीतिक रिपोर्टों के अनुसार, अमेरिका में 3 नवंबर को होने वाले मिडटर्म चुनावों के तुरंत बाद ईरान पर बड़े हमलों की योजना पर चर्चा जारी है। अमेरिकी सैन्य प्रमुखों ने राष्ट्रपति ट्रंप को संभावित सैन्य विकल्पों की रूपरेखा भी सौंप दी है, जिसके बाद इजरायल में भी अमेरिका के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई करने की तैयारियां तेज हो गई हैं।
READ MORE: लखनऊ में हमले की साजिश का पाकिस्तानी कनेक्शन? ATS को संदिग्धों के फोन से मिले अहम सुराग

