सेंट्रल अफ्रीकी रिपब्लिक में एक दर्दनाक हादसे ने सैकड़ों परिवारों को सदमे में डाल दिया है। देश के पश्चिमी हिस्से में मंगलवार सुबह एक छोटी सोने की खदान अचानक ढह गई। हादसा अब्बा इलाके में हुआ, जिसमें 100 से ज्यादा लोगों की मौत की खबर है। स्थानीय अधिकारियों और राहत कार्य में जुटे रेड क्रॉस ने इसकी जानकारी दी है। शुरुआत में करीब 30 लोगों की मौत की बात सामने आई थी, लेकिन मलबा हटाए जाने के बाद मृतकों की संख्या 100 के पार पहुंच गई।
कई लोग अब भी मलबे में फंसे
खदान के अचानक ढहने के बाद बड़ी संख्या में लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका है। स्थानीय लोग और बचावकर्मी मिलकर लगातार मलबा हटाने में जुटे हैं। हालांकि, खदान तक पहुंचना काफी मुश्किल है और राहत टीमों के पास पर्याप्त मशीनरी भी नहीं है।
मशीनों की कमी के कारण बचावकर्मी हाथों से मिट्टी और मलबा हटाकर लोगों की तलाश कर रहे हैं। कई घंटों की मेहनत के बाद बड़ी संख्या में शवों को बाहर निकाला गया है। अधिकारियों को आशंका है कि मलबे के नीचे अभी और लोग दबे हो सकते हैं।
शुरुआत में 30 लोगों की हुई मौत
हादसे के तुरंत बाद करीब 30 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई थी। इसके बाद बचाव अभियान आगे बढ़ने के साथ मृतकों की संख्या लगातार बढ़ती गई और बुधवार तक यह आंकड़ा 100 से ज्यादा हो गया। चूंकि कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं, ऐसे में मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। राहत और बचाव दल घटनास्थल पर लगातार काम कर रहे हैं।
छोटी सोने की खदान में चल रहा था काम
जिस खदान में हादसा हुआ, वह छोटे स्तर की सोने की खदान थी। सेंट्रल अफ्रीकी रिपब्लिक में इस तरह की छोटी खदानों में स्थानीय लोग खुदाई कर सोना निकालते हैं और बड़ी संख्या में लोगों की आजीविका इससे जुड़ी हुई है। ऐसी खदानों में अक्सर बड़ी खनन कंपनियों जैसी सुरक्षा व्यवस्था नहीं होती। मजदूर साधारण उपकरणों से खुदाई करते हैं और कई बार सुरंगों को मजबूत रखने के पर्याप्त इंतजाम भी नहीं होते। इससे मिट्टी और चट्टानों के अचानक खिसकने या खदान के ढहने का खतरा बना रहता है।
Read More
भारत और सिंगापुर ने मैन्युफैक्चरिंग, फिनटेक, हेल्थकेयर और डिजिटलाइज़ेशन के क्षेत्रों में गहरे आर्थिक संबंध बनाने पर की चर्चा