Rewari Khet Bachao Abhiyan: रेवाड़ी के चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि महाविद्यालय, बावल में 30 जून को आज केंद्र सरकार की ओर से चलाया गया ‘खेत बचाओ अभियान’ का समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान चीफ गेस्ट बनकर शामिल होंगे, जबकि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इसकी अध्यक्षता करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा भी मौजूद रहेंगे।
एक महीने तक चला अभियान
एचएयू के कुलपति प्रो. बीआर काम्बोज ने बताया कि एक जून से 30 जून तक चले इस अभियान के दौरान प्रदेश के सभी कृषि विज्ञान केंद्रों के माध्यम से किसानों के लिए व्यापक जन-जागरूकता और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान का लक्ष्य किसानों को वैज्ञानिक और टिकाऊ खेती की तरफ जागरूक करना और आधुनिक कृषि को अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
भूमि की उर्वरता और लागत घटाने पर रहा फोकस
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत भूमि की उर्वरता बनाए रखने, कृषि उत्पादन लागत कम करने, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और किसानों को लाभकारी कृषि तकनीकों से जोड़ने पर खास जोर दिया गया। इसके माध्यम से किसानों को खेती को अधिक टिकाऊ और लाभदायक बनाने की दिशा में जानकारी दी गई ।
कार्यक्रम में हरियाणा एफपीओ मिशन का होगा शुभारंभ
समारोह के दौरान हरियाणा एफपीओ मिशन का भी शुभारंभ किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य किसान उत्पादक संगठनों को मजबूत बनाकर किसानों की आय बढ़ाना और कृषि व्यवस्था को अधिक मजबूत करना है। माना जा रहा है कि इससे किसानों को अपनी उपज के बेहतर लाभ मिलेंगे।
नई तकनीकों और सरकारी योजनाओं की मिलेगी जानकारी
विस्तार शिक्षा निदेशक डॉ. नरेश कौशिक ने बताया कि समारोह में कई स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां किसानों को कृषि की नई तकनीकों, प्राकृतिक खेती, मृदा एवं जल संरक्षण, फसल विविधीकरण और केंद्र व राज्य सरकार की अलग-अलग कृषि योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम का लक्ष्य किसानों को नई कृषि से जोड़ते हुए उनकी आय और खेती की गुणवत्ता में सुधार लाना है।
Read More:
CM मान का बड़ा एक्शन! नशा तस्करों पर अब नहीं होगी कोई ढिलाई, अफसरों को दिए सख्त निर्देश

