केंद्रीय मंत्रिमंडल में संभावित बदलाव को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी(PM Modi) मंगलवार को केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक करने वाले हैं। यह बैठक विभागीय सचिवों और तमाम वरिष्ट अधिकारियों के साथ होगी जिसमें सरकार के सुधार एजेंडे, नियमों में बदलाव और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को आसान बनाने जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
यह प्रधानमंत्री मोदी की सचिव स्तर के अधिकारियों के साथ दूसरी बड़ी बैठक होगी। इससे पहले मई महीने में उन्होंने केंद्रीय सचिवों और मंत्रिपरिषद के साथ विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर खुलकर चर्चा की थी।
नागरिक सुविधाओं को आसान बनाने पर जोर
जानकारी के मुताबिक, बैठक का मुख्य फोकस देश में कारोबार को सरल बनाने, अनावश्यक नियमों को कम करने और आत्मनिर्भर भारत अभियान को और प्रभावी बनाने पर रहेगा। PM मोदी के सामने सचिव अपने-अपने विभागों से जुड़े सुधारों की प्रगति और भविष्य की योजनाओं का खाका पेश करेंगे।
बैठक के दौरान प्रत्येक सचिव को अपनी बात रखने के लिए सीमित समय दिया जाएगा। इस दौरान नागरिकों के लिए सुविधाएं बढ़ाने, सरकारी प्रक्रियाओं को सरल बनाने और व्यापारिक माहौल को बेहतर करने से जुड़े सुझावों पर भी विचार किया जा सकता है।
सरकार का सुधारों पर लगातार ध्यान
केंद्र सरकार लंबे समय से प्रशासनिक सुधारों और नियमों में सरलता लाने की दिशा में काम कर रही है। केंद्र और राज्यों के स्तर पर भी विनियमन को कम करने और प्रक्रियाओं को आसान बनाने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं।
सेशेल्स दौरे के बाद दिल्ली लौटेंगे PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने तीन दिवसीय सेशेल्स दौरे के बाद सोमवार को दिल्ली लौटेंगे। इस यात्रा के दौरान भारत और सेशेल्स के बीच संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा हुई। दौरे के दौरान PM मोदी को सेशेल्स का सर्वोच्च सम्मान भी प्रदान किया गया।
विदेश यात्रा से लौटने के अगले दिन होने वाली यह उच्च स्तरीय बैठक कई मायनों में अहम मानी जा रही है। हालांकि कैबिनेट फेरबदल को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है लेकिन राजनीतिक गलियारों में इस बैठक को लेकर चर्चाएं तेज हैं।