Haryana Police Encounter: हरियाणा के सोनीपत में सोमवार सुबह पुलिस और एक बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ हो गई, जिसमें आरोपी की मौत हो गई। मुठभेड़ के दौरान बदमाश की ओर से की गई फायरिंग में एक हेड कॉन्स्टेबल भी घायल हो गया। घायल पुलिसकर्मी को खानपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। मृतक की पहचान अटायल गांव निवासी गोपाल उर्फ गोपी (45) के रूप में हुई है।
25 से ज्यादा संगीन मामलों में था आरोपी
पुलिस के अनुसार गोपाल के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, फायरिंग समेत अन्य गंभीर अपराधों के 25 से अधिक मामले दर्ज थे। उसे दो अलग-अलग मामलों में उम्रकैद की सजा भी सुनाई जा चुकी थी। इसके बावजूद वह आपराधिक गतिविधियों में लगातार एक्टिव था और पैरोल जंप कर फरार चल रहा था।
सुबह मिली थी आरोपी की लोकेशन
पुलिस कमिश्नर ममता सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे सूचना मिली थी कि गोपाल नहर के रास्ते एमपी माजरा, खूबडू होते हुए अटायल गांव की तरफ जा रहा है। सूचना के आधार पर CIA-1 गन्नौर की टीम ने इलाके में घेराबंदी कर दी और आरोपी को पकड़ने के लिए कार्रवाई शुरू की।
पुलिस को देखते ही शुरू कर दी फायरिंग
पुलिस के करीब पहुंचते ही गोपाल ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी ने करीब 9 राउंड गोलियां चलाईं। उसने पुलिस वाहन को भी निशाना बनाया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की और दोनों ओर से करीब 9 राउंड गोलियां चलीं।
गोली लगने से हेड कॉन्स्टेबल घायल
मुठभेड़ के दौरान आरोपी की ओर से चलाई गई गोली हेड कॉन्स्टेबल के बाएं हाथ में लगी। घायल पुलिसकर्मी को तुरंत खानपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका आईसीयू में इलाज चल रहा है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोपाल मारा गया।
मौके से हथियार और बाइक बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से दो अवैध हथियार, बिना नंबर की एक बाइक और कारतूसों के कई खोल बरामद किए हैं। बरामद सामान को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
70 दिन की पैरोल पर आया था बाहर
पुलिस के मुताबिक गोपाल करीब ढाई महीने पहले 70 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर आया था। पैरोल मिलने के बाद वह वापस जेल नहीं लौटा और लगातार आपराधिक वारदातों को अंजाम देता रहा।
पैरोल के दौरान भी करता रहा अपराध
जांच में सामने आया है कि मई महीने में उसने जमीनी विवाद को लेकर अटायल गांव में एक व्यक्ति के घर पर फायरिंग की थी। इसके 15 से 20 दिन बाद उसने गांव के शराब ठेके पर लूट के इरादे से फायरिंग और आगजनी की घटना को अंजाम दिया। उसके खिलाफ पानीपत के समालखा क्षेत्र से एक ब्रेजा कार चोरी करने का मामला भी दर्ज था।
हत्या करने की फिराक में था गोपाल
पुलिस के अनुसार सोमवार को भी गोपाल अपने ही गांव के एक व्यक्ति की हत्या करने की योजना बनाकर घूम रहा था। इससे पहले भी वह उस व्यक्ति पर फायरिंग कर चुका था। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की थी।
इन पुलिसकर्मियों ने संभाला मोर्चा
इस कार्रवाई को CIA-1 प्रभारी इंस्पेक्टर राजीव ने अंजाम दिया। टीम में PSI रविकांत, PSI ओमवीर, SI मुकेश, ASI विजेश्वर, ASI कृष्ण, हेड कॉन्स्टेबल देवेंद्र, हेड कॉन्स्टेबल राकेश, कॉन्स्टेबल विकास सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
Read More:

