गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र स्थित नवनीत विहार कॉलोनी में शनिवार को 17 वर्षीय सूर्या का शव पोस्टमार्टम के बाद उसके घर लाया गया। शव के पहुंचते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और विभिन्न संगठनों के सदस्य वहां जमा हो गए। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ एनकाउंटर की मांग की है। मृतक की मां ने कहा कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के तहत कड़ी सजा दी जानी चाहिए।
क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। कॉलोनी के आसपास बैरिकेडिंग की गई है और कई थानों की पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया है। मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का बयान
इस घटना को लेकर कई राजनीतिक नेताओं ने भी प्रतिक्रिया दी है। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। वहीं बसपा प्रमुख मायावती ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर घटना पर दुख जताया और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
ईद के दिन हुई वारदात
पुलिस के अनुसार बकरीद के दिन खोड़ा क्षेत्र में रहने वाले 11वीं कक्षा के छात्र सूर्या पर चाकू से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में परिजनों ने सूर्या के परिचित असद और उसके कुछ साथियों पर हमले का आरोप लगाया है।
शिकायत में लगाए गए गंभीर आरोप
परिवार की ओर से दी गई शिकायत में कहा गया है कि सूर्या अपने दोस्तों के साथ इलाके में मौजूद था, तभी उसे बुलाया गया। आरोप है कि वहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद उस पर चाकू से हमला किया गया। शिकायत के अनुसार हमले के बाद भी आरोपियों ने उसका पीछा किया और दोबारा हमला किया। पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है।
हत्या का केस दर्ज
पुलिस ने पहले जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया था, जिसे सूर्या की मौत के बाद हत्या की धाराओं में परिवर्तित कर दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है और मामले में नामजद आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
Read More
सपने में दिख रहे हैं शव-अर्थी और श्मशान? स्वप्न शास्त्र ने बताया शुभ है या अशुभ

