UP Ambedkar Nagar Road Accident: उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जहां घायल लोगों की मदद कर रहे ग्रामीणों पर तेज रफ्तार कार कहर बनकर टूट पड़ी। इस दर्दनाक घटना में कुल 8 लोगों की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
कैसे हुआ हादसा?
यह हादसा जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के जलालपुर-अकबरपुर मार्ग पर अशरफपुर भुआ गांव के पास हुआ। पहले दो मोटरसाइकिलों की आपस में टक्कर हो गई थी, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोग मानवता दिखाते हुए घायलों की मदद के लिए मौके पर इकट्ठा हुए थे।
तेज रफ्तार कार बनी काल
इसी दौरान जलालपुर की ओर से आ रही एक अनियंत्रित स्विफ्ट डिजायर कार तेज रफ्तार में भीड़ में घुस गई और कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग संभल भी नहीं पाए।
अस्पताल में हुई मौतें
घटना के बाद पुलिस ने तुरंत घायलों को सीएचसी नगपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दो अन्य गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला अस्पताल और फिर टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। इस तरह कुल मृतकों की संख्या 8 हो गई है।
प्रशासन की कड़ी कार्रवाई
पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
CM योगी ने जताया दुख
इस घटना पर योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए और घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित किया जाए।
Read More:

