हिमाचल: छात्रा से दुष्कर्म के आरोप में विश्वविद्यालय का प्रोफेसर हिरासत में

 हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में कथित तौर पर एक छात्रा से बलात्कार करने के आरोप में एक विश्वविद्यालय के प्रोफेसर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। कांगड़ा के सहायक पुलिस अधीक्षक बीर बहादुर ने कहा कि यह मामला तब सामने आया जब… Continue reading हिमाचल: छात्रा से दुष्कर्म के आरोप में विश्वविद्यालय का प्रोफेसर हिरासत में

हिमाचल में स्थिति कांग्रेस के नियंत्रण में, सरकार अस्थिर करने में भाजपा विफल रही: कांग्रेस

कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सरकार को अस्थिर करने के लिए धनबल, सत्ताबल और बाहुबल का जो खेल शुरू किया था, वह उसमें विफल रही है।

पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह भी कहा कि कांग्रेस नेतृत्व के हस्तक्षेप और पर्यवेक्षकों की तत्परता के बाद वहां स्थिति पूरी तरह कांग्रेस के नियंत्रण में है।

हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा की एकमात्र सीट पर हुए मतदान में कांग्रेस के छह विधायकों द्वारा ‘क्रॉस वोटिंग’ किये जाने के बाद भाजपा ने सीट पर जीत हासिल की थी और उसके बाद से राज्य में राजनीतिक संकट पैदा हो गया था। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बृहस्पतिवार को इन छह विधायकों को अयोग्य घोषित कर दिया। विधायकों ने सदन में वित्त विधेयक पर सरकार के पक्ष में मतदान करने के पार्टी व्हिप का उल्लंघन किया था।

रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘हिमाचल को लेकर मीडिया में तरह-तरह की बातें चल रही हैं। लेकिन हम एक बात बिल्कुल स्पष्ट रूप से कहना चाहते हैं। हिमाचल में प्रधानमंत्री और तथाकथित चाणक्य पूरी तरह से फेल हुए हैं। कांग्रेस नेतृत्व के हस्तक्षेप और हमारे पर्यवेक्षकों की तत्परता के बाद वहां स्थिति पूरी तरह से कांग्रेस के नियंत्रण में है।’’

उन्होंने दावा किया कि दूसरे राज्यों की तरह भाजपा ने हिमाचल में भी जनता द्वारा चुनी हुई कांग्रेस की पूर्ण बहुमत की सरकार को अस्थिर करने के लिए धनबल, सत्ताबल और बाहुबल का खेल शुरू किया था, लेकिन वह विफल रही क्योंकि हिमाचल की जनता का आशीर्वाद कांग्रेस के साथ है।

रमेश ने कहा, ‘‘इस घटना के बाद हमारे संकल्प और मज़बूत हुए हैं। हम हिमाचल के लोगों की सेवा करते रहेंगे।’’

मैंने इस्तीफा नहीं दिया है : मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को कहा कि उन्होंने पद से इस्तीफा नहीं दिया है।

सुक्खू का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब राज्यसभा चुनाव में कुछ कांग्रेस विधायकों के ‘क्रॉस वोटिंग’ करने के बाद उनकी सरकार पर बहुमत से हाथ धोने का खतरा मंडरा रहा है।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने यहां मीडियाकर्मियों से कहा, ‘‘मैं एक योद्धा हूं। मैं एक साधारण परिवार से हूं। हम यह लड़ाई जीतेंगे और विधानसभा में बहुमत भी साबित करेंगे।’’

हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को राज्यसभा चुनाव में छह कांग्रेस विधायकों ने भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में मतदान किया। सूत्रों का दावा है कि ये विधायक मुख्यमंत्री सुक्खू की कार्यशैली से ‘‘निराश’’ हैं।

छह विधायकों के क्रॉस वोटिंग के बाद राज्य में कांग्रेस सरकार के अस्तित्व पर संकट आ गया है।

सुक्खू ने कहा, ‘‘हम उन कुछ विधायकों के संपर्क में हैं जिन्होंने राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग की थी। मेरी सरकार अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी।’’

हिमाचल प्रदेश करेगा दो ग्राम पंचायतों में ‘इको’ पर्यटन क्षेत्र विकसित: CM सुक्खू

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए दो ग्राम पंचायतों में ‘इको’ पर्यटन क्षेत्र विकसित करेगी। उन्होंने इन परियोजनाओं के लिए 16.67 करोड़ रुपये मंजूर किये।

उन्होंने ग्राम विकास एवं पंचायती राज विभागों को नादौन जिले की हरेता ग्राम पंचायत में तथा शिमला जिले में मशोब्रा के कामयाना ‘हिलटॉप’ (चोटी) पर इन परियोजनाओं पर काम शुरू कर देने का निर्देश भी जारी किया।

एक बयान के अनुसार सुक्खू ने कहा कि इन ‘इको’ पर्यटन परियोजनाओं के तहत विद्युतीकरण के लिए नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने तथा वन्य जीव-जंतुओं एवं वनस्पतियों के संरक्षण के लिए प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल पर बल दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन विकास सोसायटी तथा क्षेत्रों के स्वयं सहायता समूह संपोषण ‘इको’ पर्यटन तथा जैव विविधता संरक्षण सुनिश्चित करने में बढ़चढ़कर हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि पंचायत राज, वन, पर्यटन एवं ग्रामीण विकास विभाग इन परियोजनाओं के सुचारू क्रियान्वयन के लिए आपस में सहयोग करेंगे।

उन्होंने कहा कि हरेता में ग्रासलैंड (घास के मैदान), रात्रि ठहराव के लिए ‘ट्री हाउस’ , कैफेटेरिया, चिल्ड्रेन पार्क, सौरचालित प्रकाश व्यवस्था जैसे बुनियादी ढांचे विकसित किये जाएंगे।

उन्होंने कहा कि कामयाना हिलटॉप (चोटी) पर कैफेटेरिया, प्राकृतिक परिदृश्य क्षेत्र, किड्स गार्डन, देवदार जोन, बटरफ्लाई गार्डन आदि अवसंरचनाएं बनायी जाएंगी।