पंजाब को पहली बार किसी बड़े इंटरनेशनल हॉकी टूर्नामेंट की मेजबानी का मौका मिला है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने जानकारी दी कि एशियन चैंपियन ट्रॉफी का आयोजन अक्टूबर के अंतिम सप्ताह से नवंबर के पहले सप्ताह के बीच किया जाएगा। यह टूर्नामेंट एशियन गेम्स के बाद आयोजित होगा, जिसमें एशिया की शीर्ष छह टीमें हिस्सा लेंगी।
एशिया की टॉप टीमें लेंगी हिस्सा
इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भारत, पाकिस्तान, दक्षिण कोरिया, जापान और चीन जैसी मजबूत टीमें भाग लेंगी। बाकी टीमों का चयन एशियन गेम्स के प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा। टूर्नामेंट में एशिया की सर्वश्रेष्ठ हॉकी टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा।
मोहाली और जालंधर बनेंगे मुकाबलों के केंद्र
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बताया कि मैच मोहाली और जालंधर के स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे। इस आयोजन को लेकर राज्य में खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के बीच खासा उत्साह है। सरकार इस टूर्नामेंट को सफल बनाने के लिए सभी जरूरी तैयारियां कर रही है।
पंजाब का खेलों से गहरा नाता
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब का खेलों से जुड़ा इतिहास बेहद समृद्ध रहा है। उन्होंने कहा कि गुरु साहिबानों के समय से ही शारीरिक फिटनेस और खेलों को बढ़ावा दिया जाता रहा है। कुश्ती, घुड़सवारी, तीरंदाजी और गतका जैसी परंपरागत खेलों ने राज्य की पहचान बनाई है।
हॉकी में पंजाब का मजबूत योगदान
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बताया कि 2021 टोक्यो ओलंपिक में भारत को 41 साल बाद हॉकी में ब्रॉन्ज मेडल मिला था, जिसमें 9 खिलाड़ी पंजाब से थे और टीम के कप्तान भी पंजाब के ही थे। यह राज्य की खेल प्रतिभा और योगदान को दर्शाता है।
युवाओं को मिलेगा बड़ा मंच और प्रेरणा
इस टूर्नामेंट के आयोजन से गांवों और शहरों के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुकाबले देखने का मौका मिलेगा। लाइव टेलीकास्ट के जरिए खिलाड़ी नई प्रेरणा हासिल करेंगे। सरकार का मानना है कि इससे पंजाब में खेल संस्कृति को और मजबूती मिलेगी और नई प्रतिभाएं सामने आएंगी।
Read More
26 या 27 मार्च कब है रामनवमी ? यहां जानें पंचांग के उलझे सच के पीछे की सही जानकारी

