खेलो इंडिया विश्वविद्यालय खेलों में चंडीगढ़ विश्वविद्यालय शीर्ष पर बरकरार

चंडीगढ़ विश्वविद्यालय ने बुधवार को यहां खेलो इंडिया विश्वविद्यालय खेलों (केआईयूजी) में शीर्ष वरीय जैन विश्वविद्यालय को 3-1 से हराकर पुरुष बैडमिंटन टीम स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता जबकि एडमास विश्वविद्यालय ने महिला टीम स्पर्धा का खिताब अपने नाम किया।

चंडीगढ़ विश्वविद्यालय की पुरुष बैडमिंटन टीम में टॉप्स डेवलपमेंट ग्रुप में शामिल मेसनाम मेइराबा लुवांग और बैडमिंटन एशिया टीम चैंपियनशिप की भारतीय टीम में जगह बनाने वाले सूरज गोएला शामिल हैं।

चंडीगढ़ विश्वविद्यालय ने पहला एकल मुकाबला गंवा दिया था लेकिन इसके बाद वापसी करते हुए 3-1 से जीत दर्ज की और पदक तालिका के शीर्ष पर अपनी स्थिति मजबूत की।

केआईयूजी के चौथे सत्र में सिर्फ एक दिन बचा है और चंडीगढ़ विश्वविद्यालय 26 स्वर्ण, 17 रजत और 16 कांस्य पदक जीतकर शीर्ष पर चल रहा है।

लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी 16 स्वर्ण, 13 रजत और तीन कांस्य पदक के साथ दूसरे स्थान पर है जबकि तीसरे स्थान पर मौजूद जैन विश्वविद्यालय के 12 स्वर्ण, छह रजत और छह कांस्य पदक हैं।

महिला बैडमिंटन टीम स्पर्धा के फाइनल में एडमास विश्वविद्यालय ने श्री जगदीश प्रसाद जेटी विश्वविद्यालय को हराया।

एडमास विश्वविद्यालय ने कोट्टयम के महात्मा गांधी विश्वविद्यालय को 3-1 से हराकर महिला वॉलीबॉल का स्वर्ण पदक भी जीता।

चंडीगढ़ के महापौर का इस्तीफा, आप के तीन पार्षद भाजपा में शामिल

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता मनोज सोनकर ने चंडीगढ़ के महापौर पद से रविवार को इस्तीफा दे दिया, और आम आदमी पार्टी (आप) के तीन पार्षद भाजपा में शामिल हो गए हैं।

यह घटनाक्रम, महापौर पद के लिए हालिया चुनावों में धांधली के आरोपों को लेकर उच्चतम न्यायालय में होने वाली सुनवाई से एक दिन पहले हुआ।

भाजपा की चंडीगढ़ इकाई के प्रमुख जतिंदर पाल मल्होत्रा ने कहा कि सोनकर ने निगम आयुक्त को अपना इस्तीफा सौंपा है।

मल्होत्रा ने कहा कि कांग्रेस और आप के बीच कोई गठबंधन नहीं है और वे केवल जनता को बेवकूफ बना रहे हैं। उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”उन्हें जनता के सामने बेनकाब किया जाएगा।”

इस बीच, भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण सूद ने कहा कि आप के तीन पार्षद नेहा, पूनम और गुरुचरण काला पार्टी के वरिष्ठ नेता विनोद तावड़े की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हुए।

‘आप’ के तीन पार्षदों के पाला बदलने से यह तय है कि जब भी महापौर के नए चुनाव होंगे तो पलड़ा भाजपा के पक्ष में झुक जाएगा।

उनके शामिल होने से पहले, 35 सदस्यीय चंडीगढ़ नगर निगम में भाजपा के 14 पार्षद थे और आप के 13 पार्षद थे। चंडीगढ़ की सांसद किरण खेर को भी निगम के सदन में मतदान का अधिकार है।

कांग्रेस के सात और शिरोमणि अकाली दल का एक पार्षद है।

भाजपा ने 30 जनवरी को महापौर पद के लिए हुए चुनाव में जीत हासिल की थी जिससे आप और कांग्रेस के गठबंधन को झटका लगा था तथा उसने निर्वाचन अधिकारी पर मत पत्रों में छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया था।

सोनकर ने महापौर पद के लिए हुए चुनाव में ‘आप’ के कुलदीप कुमार को हराया था। सोनकर को 16, जबकि कुमार को 12 वोट मिले थे तथा आठ वोट अवैध घोषित किए गए थे।

कुमार ने बाद में उच्चतम न्यायालय का रुख किया था।

शीर्ष अदालत ने पांच फरवरी को महापौर चुनाव कराने वाले निर्वाचन अधिकारी को फटकार लगाते हुए कहा था कि यह स्पष्ट है कि उन्होंने मतपत्रों में छेड़छाड़ की थी और उन पर मुकदमा चलाया जाना चाहिए। अदालत ने यह भी कहा था कि अधिकारी का कृत्य लोकतंत्र की ‘‘हत्या और मजाक” है।

अदालत ने मत पत्रों और मतदान की कार्यवाही के वीडियो को सुरक्षित रखने का भी आदेश दिया था तथा 19 फरवरी को मामले की अगली सुनवाई के दिन निर्वाचन अधिकारी को व्यक्तिगत रूप से पेश होने को कहा था।