खेलो इंडिया विश्वविद्यालय खेलों में चंडीगढ़ विश्वविद्यालय शीर्ष पर बरकरार

 चंडीगढ़ विश्वविद्यालय ने बुधवार को यहां खेलो इंडिया विश्वविद्यालय खेलों (केआईयूजी) में शीर्ष वरीय जैन विश्वविद्यालय को 3-1 से हराकर पुरुष बैडमिंटन टीम स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता जबकि एडमास विश्वविद्यालय ने महिला टीम स्पर्धा का खिताब अपने नाम किया।

चंडीगढ़ विश्वविद्यालय की पुरुष बैडमिंटन टीम में टॉप्स डेवलपमेंट ग्रुप में शामिल मेसनाम मेइराबा लुवांग और बैडमिंटन एशिया टीम चैंपियनशिप की भारतीय टीम में जगह बनाने वाले सूरज गोएला शामिल हैं।

चंडीगढ़ विश्वविद्यालय ने पहला एकल मुकाबला गंवा दिया था लेकिन इसके बाद वापसी करते हुए 3-1 से जीत दर्ज की और पदक तालिका के शीर्ष पर अपनी स्थिति मजबूत की।

केआईयूजी के चौथे सत्र में सिर्फ एक दिन बचा है और चंडीगढ़ विश्वविद्यालय 26 स्वर्ण, 17 रजत और 16 कांस्य पदक जीतकर शीर्ष पर चल रहा है।

लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी 16 स्वर्ण, 13 रजत और तीन कांस्य पदक के साथ दूसरे स्थान पर है जबकि तीसरे स्थान पर मौजूद जैन विश्वविद्यालय के 12 स्वर्ण, छह रजत और छह कांस्य पदक हैं।

महिला बैडमिंटन टीम स्पर्धा के फाइनल में एडमास विश्वविद्यालय ने श्री जगदीश प्रसाद जेटी विश्वविद्यालय को हराया।

एडमास विश्वविद्यालय ने कोट्टयम के महात्मा गांधी विश्वविद्यालय को 3-1 से हराकर महिला वॉलीबॉल का स्वर्ण पदक भी जीता।