Friday, March 6, 2026
Home राज्य उत्तर प्रदेश UP के 19 कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, मौके पर...

UP के 19 कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, मौके पर पहुंची बम निरोधक की टीम 

Advertisement

उत्तर प्रदेश के लखनऊ, अयोध्या और वाराणसी समेत 19 जिलों की कचहरियों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। जिला जज की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजे गए धमकी भरे संदेश में दोपहर डेढ़ बजे जुम्मे की नमाज के बाद विस्फोट करने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही प्रशासन ने तुर्ंत कोर्ट परिसरों को खाली कराना शुरू कर दिया।

लखनऊ सिविल कोर्ट समेत कई जिलों में वकीलों को बाहर निकाला गया। कोर्ट का नियमित कामकाज अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की तैनाती

घटना की जानकारी मिलते ही बम निरोधक दस्ता (BDDS), डॉग स्क्वायड और स्थानीय खुफिया इकाई (LIU) की टीमें मौके पर पहुंचीं। लखनऊ के कैसरबाग स्थित सिविल कोर्ट परिसर में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। सभी एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

सीओ सिटी समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। अधिकारियों ने आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सहयोग करने की अपील की है।

ईमेल की जांच शुरू

धमकी भरे ईमेल की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि संदेश किसने और किस उद्देश्य से भेजा। फिलहाल किसी भी स्थान से विस्फोटक सामग्री मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियातन तलाशी अभियान जारी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।