चंडीगढ़ के नए गृह सचिव मंदीप बराड़ हरियाणा और पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ के डीसी के रूप में भी कर चुके हैं काम

Aug 18, 2024 - 12:06
Aug 18, 2024 - 14:30
 22
चंडीगढ़ के नए गृह सचिव मंदीप बराड़ हरियाणा और पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ के डीसी के रूप में भी कर चुके हैं काम
चंडीगढ़ के नए गृह सचिव मंदीप बराड़ हरियाणा और पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ के डीसी के रूप में भी कर चुके हैं काम

चंद्रशेखर धरणी, चंडीगढ़:

हरियाणा और पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ में डीसी के रूप में कार्य कर चुके हरियाणा कैडर के आईएएस अधिकारी मंदीप सिंह बराड़ को सिटी ब्यूटीफुल के गृह सचिव के रूप में नियुक्त किया गया है। बराड़ हरियाणा के दूसरे ऐसे आईएएस अधिकारी बन गए है, जो चंडीगढ़ में डीसी रहने के बाद गृह सचिव बने हैं। इनसे पहले हरियाणा के आईएएस अधिकारी कृष्ण मोहन चंडीगढ़ के डीसी के पद पर रहने के बाद गृह सचिव नियुक्त किए गए थे।

जून से खाली था गृह सचिव का पद

चंडीगढ़ में गृह सचिव का पद जून से खाली था। चंडीगढ़ प्रशासन ने पूर्व गृह सचिव नितिन कुमार यादव को 14 जून को रिलीव किया था। अब बराड़ की नियुक्ति के बाद यह पद खाली नहीं रहेगा। हरियाणा के 2005 बैच के आईएएस अधिकारी मंदीप सिंह बराड़ को चंडीगढ़ के नए गृह सचिव के रूप में नियुक्त किए जाने को लेकर कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने उनकी अंतर-कैडर प्रतिनियुक्ति के लिए गृह मंत्रालय के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। उन्हें तीन साल के डेपुटेशन पर चंडीगढ़ भेजा जा रहा है। बराड़ सेक्टर-11 स्थित गवर्नमेंट कॉलेज के विद्यार्थी रह चुके हैं। वह वर्तमान में हरियाणा सरकार में सूचना, जन संपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के महानिदेशक हैं।

सार्वजनिक समस्याओं को सुलझाने का अनुभव

बराड़ का नाम हरियाणा के मुख्यमंत्री के नजदीकी और विश्वसनीय अधिकारियों में आता है। बराड़ ने चंडीगढ़ स्थित पंजाब विश्वविद्यालय से समाजशास्त्र, राजनीति विज्ञान और मनोविज्ञान में कला स्नातक की डिग्री के साथ कानून में स्नातक किया है। उनके पास स्वास्थ्य, शिक्षा, गरीबी उन्मूलन, सामाजिक कल्याण और समाज के वंचित समूहों के सशक्तिकरण, ढांचागत विकास, महिला सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों में सार्वजनिक समस्याओं को सुलझाने का प्रशासनिक अनुभव है।

कोरोना काल में संभाली थी जिम्मेदारी

मंदीप सिंह बराड़ कोरोना काल के दौरान चंडीगढ़ में डीसी के पद पर कार्यरत थे। मनदीप सिंह बराड़ जल्द ही चंडीगढ़ में अपना पदभार संभालेंगे। उन्हें परिवहन सचिव समेत अन्य कई विभागों की जिम्मेदारी भी मिल सकती है। हालांकि, डीसी रहते हुए भी वह परिवहन सचिव की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। चंडीगढ़ में डीसी के रूप में उनका कार्यकाल अक्टूबर 2021 में पूरा हो गया था, लेकिन चंडीगढ़ प्रशासन के आग्रह पर गृह मंत्रालय द्वारा मंदीप बराड़ का सेवाकाल 3 महीने बढ़ाते हुए जनवरी 2022 तक किया गया था। बराड़ को चंडीगढ़ में काम करने का लंबा अनुभव है। उनकी पढ़ाई भी पंजाब यूनिवर्सिटी से ही हुई है। वह पीयू के लॉ विभाग के पूर्व छात्र हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow