हरियाणा के चुनावी ‘दंगल’ में उतरने को तैयार दिग्गज, दो बड़े नेताओं के जरिए प्रदेश के लोगों को साधेंगे PM मोदी

हरियाणा में विधानसभा चुनाव के चलते राजनीतिक माहौल पहले से ही गर्म है। राजनेताओं और प्रत्याशियों की ओर से जहां अपने प्रचार के साथ रुठों को मनाने का दौर जारी है।

Sep 20, 2024 - 15:24
 9
हरियाणा के चुनावी ‘दंगल’ में उतरने को तैयार दिग्गज, दो बड़े नेताओं के जरिए प्रदेश के लोगों को साधेंगे PM मोदी

चंद्रशेखर धरणी, चंडीगढ़ :  हरियाणा में विधानसभा चुनाव के चलते राजनीतिक माहौल पहले से ही गर्म है। राजनेताओं और प्रत्याशियों की ओर से जहां अपने प्रचार के साथ रुठों को मनाने का दौर जारी है। वहीं, राजनीतिक दलों ने अपने-अपने दल के दिग्गज नेता के प्रचार का रोड मैप भी तैयार कर लिया है। एक ओर भारतीय जनता पार्टी केंद्र की तर्ज पर हरियाणा में भी तीसरी बार सत्ता की हैट्रिक लगाने की कोशिश में जुटी है। वहीं, कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दल फिर से सत्ता में वापसी की फिराक में हैं। सत्ता पर काबिज होने के चलते आने वाले दिनों में सभी दलों के दिग्गज हरियाणा के अलग-अलग शहरों में जनता के बीच होंगे। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत भारतीय जनता पार्टी के कईं दिग्गज भी रैलियां करते नजर आने वाले हैं। हालांकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कुरुक्षेत्र में जनसभा को संबोधित कर चुनावी अभियान की शुरूआत कर चुके हैं, लेकिन 25 सितंबर का दिन हरियाणा वासियों और राजनीतिक दलों खासतौर पर भारतीय जनता पार्टी, इनेलो-बसपा गठबंधन और जेजेपी-एएसपी गठबंधन के लिए काफी महत्वपूर्ण रहने वाला है।

13 दिन तक रहेगा रैलियों का रैला

हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर हरियाणा में आगामी 13 दिनों तक रैलियों का रैला रहेगा। भाजपा की ओर से 14 सितंबर को कुरुक्षेत्र में रैली के बाद एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गोहाना में जाट लैंड को साधने की कोशिश करेंगे। हरियाणा में सभी 90 विधानसभा सीटों पर 5 अक्टूबर को मतदान होना है। ऐसे में 3 अक्टूबर की शाम को चुनाव प्रचार बंद हो जाएगा। इसलिए अब सभी राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों के पास प्रचार के लिए केवल 13 दिन का ही समय बचा हैं। ऐसे में सभी दल अपने प्रचार में कोई कमी नहीं छोड़ना चाहता। यहीं कारण है कि हर राजनीतिक दल की ओर से अपने स्टार प्रचारकों और दिग्गजों की रैलियों का दिन और स्थान तय किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी की रैली की तारीख बदली

हरियाणा में विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली का कार्यक्रम बदला गया है। पीएम मोदी की रैली अब 26 सितंबर की बजाए एक दिन पहले 25 सितंबर को होगी। रैली के कार्यक्रम तथा स्थल में बदलाव करके बीजेपी हरियाणा को बड़ा संदेश देना चाहती है। पहले प्रधानमंत्री मोदी को 26 सितंबर को सोनीपत के राई स्थित राजीव गांधी एजुकेशन सिटी में रैली को संबोधित करना था। इसके लिए भाजपा की हरियाणा इकाई द्वारा तैयारियां शुरू की जा चुकी थी। अब यह रैली 26 की बजाय 25 सितंबर को होगी। 25 सितंबर को पूर्व उपप्रधानमंत्री ताऊ देवीलाल के जन्म के उपलक्ष्य में सम्मान दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसी दिन भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय का भी जन्म दिवस होता है। हरियाणा में पूर्व सरकारों के समय में ताऊ देवीलाल के नाम पर ढेरों योजनाएं चलाई गईं। पिछले दस वर्षों में भाजपा के कार्यकाल के दौरान हरियाणा समेत पूरे देश में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के नाम पर कई योजनाएं चलाई गईं। ऐसे में बीजेपी की ओर से इन दोनों नेताओं के नाम पर शुरू की गई योजनाओं और उनसे जनता को मिले लाभ की जानकारी देकर जनता को अपनी ओर करने का प्रयास किया जाएगा।

इसलिए बदला मोदी का रैली स्थल

25 सितंबर को अब प्रधानमंत्री सोनीपत की बजाय गोहाना में आएंगे। 25 सितंबर को हरियाणा की धरती पर प्रधानमंत्री को बुलाकर भाजपा दो बड़े नेताओं के माध्यम से हरियाणा में एक साथ कई जातियों को साधने का काम करेगी। अब यह रैली गोहाना में रोहतक-पानीपत हाईवे के बाईपास के पास हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की खाली जगह में होगी। लोकसभा चुनाव में भी प्रधानमंत्री मोदी ने इसी जगह रैली को संबोधित किया था। गोहाना रैली के माध्यम से प्रधानमंत्री 22 विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। पिछले विधानसभा चुनाव में राई से भाजपा जीती थी। गोहाना विधानसभा क्षेत्र में 2005 से कांग्रेस जीतती आ रही है। ऐसे में भाजपा ने कांग्रेस के गढ़ में प्रधानमंत्री की रैली करवाने का निर्णय लिया।

मायावती करेंगे चुनावी गर्जना

इनेलो-बसपा गठबंधन के तहत भी 25 सितंबर को ही उचाना में दिग्गज अपनी सियासी ताकत का अहसास कराएंगे। 25 सितंबर को देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री ताऊ देवीलाल की जयंती है। इसलिए चुनावी माहौल होने के कारण इनेलो इस रैली को सफल बनाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही है। रैली में बसपा सुप्रीमो मायावती के साथ-साथ पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर बादल और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओपी चौटाला भी शिरकत करेंगे। मायावती 25 सितंबर से ही हरियाणा में अपने चुनावी दौरे की शुरूआत करेंगी। वह जींद के उचाना में इनेलो की रैली में मुख्य अतिथि होंगी। इसके बाद उनकी रैलियां पृथला, असंध और जगाधरी में होंगी।

तैयार होगी तीसरे मोर्चे की रूपरेखा

25 सितंबर को ताऊ देवीलाल की जयंती के मौके पर इनेलो की ओर से आयोजित जनसभा के दौरान इनेलो, बसपा, अकाली दल समेत कई दलों के नेता उचाना में आयोजित जनसभा में शिरकत करेंगे। ऐसे में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओपी चौटाला इस दिन को लेकर पहले ही बड़ा ऐलान कर चुके हैं। बीते दिनों चरखी दादरी में अपने जनसंपर्क अभियान के तहत ओपी चौटाला ने कहा था कि चौधरी देवीलाल की जयंती के ममौके पर तीसरे मोर्चे की रूपरेखा तैयार होगी। ओम प्रकाश चौटाला ने कहा था कि भूतपूर्व मुख्यमंत्री देवीलाल चौटाला के नाम पर कई राजनीतिक पार्टियां राजनीति कर रही हैं, लेकिन उनकी नीतियों पर काम करने वाली इकलोती पार्टी इनेलो ही है। इसलिए उनकी जयंती के मौके पर जब बड़े दिग्गज जुटेंगे तो तीसरा मोर्चा बनाने की रूपरेखा पर भी विचार होगा।

बड़ी रैली की तैयारी में जेजेपी

जजपा भी एक बड़ी रैली की तैयारी में है। जजपा की ओर से उचाना और डबवाली में रैलियां की जाएंगी। हालांकि उनकी रैली में कोई बड़ा नेता आएगा या नहीं फिलहाल इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है, लेकिन पार्टी की ओर से इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। फिलहाल जेजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय चौटाला, हरियाणा के पूर्व उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और एएसपी पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद इस दिन आयोजित होने वाली रैली में शामिल होंगे।

आप के लिए केजरीवाल ने शुरू किया प्रचार

हरियाणा की सभी 90 विधानसभा सीटों पर पहली बार अपने दम पर अकेले चुनाव लड़ रही आम आदमी पार्टी भी अपनी ओर से कोई कमी नहीं छोड़ना चाहती। पहले ही पार्टी 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर चुकी है। अब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जेल से बाहर आ गए हैं तो नेता और कार्यकर्ता उत्साहित हैं। केजरीवाल भी कम से कम पांच रैलियां करेंगे। इनके साथ ही उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल, पंजाब के सीएम भगवंत मान, मनीष सिसोदिया, राघव चड्ढा, आतिशि, सौरभ भारद्वाज, कैलाश गहलोत भी प्रचार में जुटे हैं। अरविंद केजरीवाल ने आज यमुनानगर की जगाधरी विधानसभा में रोड शो कर अपने चुनावी प्रचार अभियान की शुरूआत कर दी है।

सोनिया के साथ राहुल-प्रियंका भी करेंगे प्रचार

बीजेपी और अन्य दलों की तरह से ही कांग्रेस भी आगामी दिनों में जींद की धरती पर प्रदेशस्तरीय रैली कर अपने चुनावी प्रचार का आगाज करेगी। माना जा रहा हैं कि आने वाले एक-दो दिन में इसकी तारीख तय हो सकती है। इस रैली में राहुल गांधी के साथ-साथ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पहुंचेंगे। इनके अलावा प्रियंका गांधी के रोड शो भी तय हैं। साथ ही सोनिया गांधी के भी कई कार्यक्रम प्रस्तावित है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow