हरियाणा में CM और पूर्व सीएम समेत 1700 से अधिक लोगों ने दाखिल किया नामांकन, जानिए सबसे युवा और बुजुर्ग उम्मीदवार का नाम

हरियाणा विधानसभा चुनाव के मतदान का पहला चरण नामांकन प्रक्रिया पूरी होने से साथ ही संपन्न हो चुका है। अब 16 सितंबर तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे।

Sep 13, 2024 - 15:20
 17
हरियाणा में CM और पूर्व सीएम समेत 1700 से अधिक लोगों ने दाखिल किया नामांकन, जानिए सबसे युवा और बुजुर्ग उम्मीदवार का नाम

चंद्रशेखर धरणी, चंडीगढ़ :  हरियाणा विधानसभा चुनाव के मतदान का पहला चरण नामांकन प्रक्रिया पूरी होने से साथ ही संपन्न हो चुका है। अब 16 सितंबर तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद नामांकन की छटनी प्रक्रिया और आजाद प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। हरियाणा विधानसभा चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के आखिरी दिन एक हजार से अधिक प्रत्याशियों ने अपना नामांकन दाखिल किया। इस बार के विधानसभा चुनाव में 90 सीट के लिए 1700 से अधिक प्रत्याशियों ने आवेदन दाखिल किया है। बीते 2019 के चुनाव में 1169 उम्मीदवार चुनावी मैदान में थे। हालांकि इस चुनाव के अंत में कितने उम्मीदवार मैदान में बचेंगे, इसका फैसला नामांकन वापसी और छटनी के बाद ही होगा।

BJP और AAP ने उतारे 90 उम्मीदवार

इस बार के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के अलावा पहली बार हरियाणा की सभी विधानसभा सीट पर चुनावी मैदान में उतरी आम आदमी पार्टी की ओर से सभी 90 सीटों पर उम्मीदवार उतारे गए हैं। इसके अलावा कांग्रेस ने 89 सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित किए हैं। भिवानी की एक सीट पर कांग्रेस ने माकपा का समर्थन किया है। JJP-ASP गठबंधन भी 85 सीटों पर ही उम्मीदवार उतारा पाया है। इनमें जजपा के 69 और एएसपी के 16 प्रत्याशी हैं। वहीं, इनेलो-बसपा गठबंधन ने 89 सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए। इनेलो 51 और बसपा 38 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। सिरसा सीट पर गठबंधन की ओर से गोपाल कांडा को समर्थन देने का ऐलान किया गया है।

CM, डिप्टी सीएम और मंत्री भी डटे

चुनाव मैदान में सीएम नायब सिंह सैनी, पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पूर्व डिप्टी सीएम चंद्रमोहन, पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला, एक विधानसभा अध्यक्ष, दो पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और 16 पूर्व मंत्री मैदान में हैं। वहीं, दस मंत्रियों समेत 67 विधायक चुनावी मैदान में हैं। इनमें भाजपा के 29 और कांग्रेस के 30, जजपा के दो, इनेलो के एक, हलोपा का एक विधायक मैदान में है। चार निर्दलीय विधायक भी मैदान में हैं। इनमें रणजीत सिंह चौटाला, नयनपाल रावत, बलराज कुंडू, रणधीर गोलन चुनावी ताल ठोक रहे हैं।

कांग्रेस-बीजेपी ने उतारे नेताओं के रिश्तेदार

इस बार चुनाव में परिवारवाद भी हावी है। कांग्रेस से 23 नेताओं के परिवारों के सदस्य मैदान में हैं। वहीं, भाजपा भी परिवारवाद से पीछे नहीं है। भाजपा ने पार्टी के 10 नेताओं के रिश्तेदारों को टिकट दिया है। इनेलो में चौटाला परिवार के चार सदस्य मैदान में हैं। जजपा ने एक ही परिवार के दो सदस्यों को चुनावी रण में उतारा है। वहीं, 19 विधायक इस बार मैदान में नहीं उतरे हैं।

सबसे बुजुर्ग और युवा उम्मीदवार 

विधानसभा चुनाव में सबसे बुजुर्ग उम्मीदवार 80 वर्षीय रघुबीर कादियान हैं। वह बेरी से कांग्रेस के प्रत्याशी हैं और छह बार विधायक रह चुके हैं। वह सातवीं बार चुनावी मैदान में हैं। वहीं, सबसे युवा कांग्रेस की उम्मीदवार विनेश फोगाट और भाजपा के उम्मीदवार दीपक हुड्डा हैं। दोनों की उम्र 30 साल है।

उम्मीदवारों की घोषणा में पहली बार हुआ ऐसा

यह पहली बार है कि नामांकन के अंतिम दिन तक उम्मीदवार घोषित रहे। कांग्रेस ने उम्मीदवारों की घोषणा अंतिम दिन दोपहर तक की है। पार्टी ने सोहना से रोहताश खटाना का टिकट और भिवानी में सीपीआई प्रत्याशी को समर्थन की घोषणा वीरवार दोपहर में की। आम आदमी पार्टी ने 21, जजपा-आजाद समाज पार्टी ने 21 प्रत्याशियों की घोषणा की। भाजपा ने एक रात पहले तीन उम्मीदवारों की घोषणा की।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow