हरियाणा के सियासी मैदान में नहीं उतरेगी सपा, अखिलेश यादव ने कहा - ये वक्त त्याग और बलिदान का'

कांग्रेस से हरियाणा के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के लिए सीटों की मांग कर रहे अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर एक पोस्ट कर सियासी पारे को ओर बढ़ा दिया है। 

Sep 7, 2024 - 13:42
 14
हरियाणा के सियासी मैदान में नहीं उतरेगी सपा, अखिलेश यादव ने कहा - ये वक्त त्याग और बलिदान का'

चंद्रशेखर धरणी, चंडीगढ़ : हरियाणा के विधानसभा चुनाव  को लेकर सियासी गलियारों में लगातार सरगर्मी देखने को मिल रही है। बीजेपी और कांग्रेस की पहली लिस्ट जारी होने के बाद दोनों ही दलों में आंतरिक कलह देखने को मिल रही है। इसी बीच कांग्रेस से हरियाणा के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के लिए सीटों की मांग कर रहे अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर एक पोस्ट कर सियासी पारे को ओर बढ़ा दिया है। 

अखिलेश ने किया एक्स पर पोस्ट 

अखिलेश ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इशारो-इशारों में कह दिया कि वह इंडिया गठबंधन के साथ एकजुटता दिखाने के लिए तैयार है। हरियाणा चुनाव में ‘INDIA ALLIANCE’ की एकजुटता नया इतिहास लिखने में सक्षम है। हमने कई बार कहा है और एक बार फिर दोहरा रहे हैं व आगे भी दोहरायेंगे कि ‘बात सीट की नहीं जीत की है’। हरियाणा के विकास व सौहार्द की विरोधी ‘भाजपा की नकारात्मक, साम्प्रदायिक, विभाजनकारी राजनीति’ को हराने में ‘इंडिया एलायंस’ की जो भी पार्टी सक्षम होगी, हम उसके साथ अपने संगठन और समर्थकों की शक्ति को जोड़ देंगे। 

बात दो-चार सीटों पर प्रत्याशी उतारने की नहीं है, बात तो जनता के दुख-दर्द को समझते हुए उनको भाजपा की जोड़-तोड़ की भ्रष्टाचारी सियासत से मुक्ति दिलाने की है, साथ ही हरियाणा के सच्चे विकास और जनता के कल्याण की है। पिछले 10 सालों में भाजपा ने हरियाणा के विकास को बीसों साल पीछे ढकेल दिया है। 

हम मानते हैं कि हमारे या इंडिया एलायंस के किसी भी दल के लिए, ये समय अपनी राजनीतिक संभावना तलाशने का नहीं है बल्कि त्याग और बलिदान का है। जनहित के परमार्थ मार्ग पर स्वार्थ के लिए कोई जगह नहीं होती। कुटिल और स्वार्थी लोग कभी भी इतिहास में अपना नाम दर्ज नहीं करा सकते हैं। ऐसे लोगों की राजनीति को हराने के लिए ये क्षण, अपने से ऊपर उठने का ऐतिहासिक अवसर है। हम हरियाणा के हित के लिए बड़े दिल से, हर त्याग-परित्याग के लिए तैयार हैं। इंडिया एलायंस की पुकार, जनहित में हो बदलाव। 

सपा के हरियाणा चुनाव लड़ने की थी चर्चा 

बता दें कि इससे पहले सियासी गलियारों में इस बात की चर्चा थी कि अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी भी हरियाणा के चुनाव में अपने उम्मीदवार उतार सकती है, लेकिन अब अखिलेश के पोस्ट के बाद यह बात साफ होती नजर आ रही है कि फिलहाल एसपी इस चुनाव में नहीं कूदेगी और अखिलेश यादव इंडिया ब्लॉक को अपना समर्थन देंगे, लेकिन आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन नहीं होने की सूरत में अखिलेश किसे समर्थन देंगे, यह देखने वाली बात होगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow