केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने राहुल को सलाह दी कि अगर कांग्रेस को दोबारा जनता का भरोसा जीतना है तो उसे अपनी राजनीति और कामकाज के तरीके में बदलाव करना होगा। रिजिजू ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की गतिविधियों से पार्टी की छवि को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल को भारत में ज्यादा समय बिताना चाहिए और बार-बार होने वाली गुप्त विदेशी यात्राओं से बचना चाहिए।
राहुल गांधी को रिजिजू ने दी ये 9 सलाह
रिजिजू ने सोमवार, 16 नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर राहुल गांधी को कई सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि राहुल को देश में अधिक समय बिताना चाहिए, वरिष्ठ नेताओं का सम्मान करना चाहिए और बुजुर्गों के अनुभव से सीखना चाहिए। केंद्रीय मंत्री ने राहुल को भारत विरोधी लोगों से मुलाकात नहीं करने और उनके एजेंडे को बढ़ावा देने से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को बीजेपी, RSS और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति नफरत खत्म करनी चाहिए। बीजेपी को राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी के रूप में देखना चाहिए, न कि दुश्मन के तौर पर। रिजिजू ने संसद की कार्यवाही को गंभीरता से लेने और सांसदों को बहस तथा चर्चा में हिस्सा लेने देने की भी बात कही। उन्होंने संविधान और संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान पर जोर दिया। साथ ही कांग्रेस में आंतरिक लोकतंत्र मजबूत करने और वंशवादी राजनीति खत्म करने की सलाह दी।
भारत समिट 2026 को लेकर बीजेपी ने उठाए सवाल
रिजिजू का यह बयान हैदराबाद में आयोजित कांग्रेस के भारत समिट 2026 को लेकर बीजेपी के हमलों के बीच आया है। बीजेपी ने सम्मेलन में शामिल कुछ विदेशी वक्ताओं और उनके कथित संगठनों से जुड़े संबंधों पर सवाल उठाए हैं। बीजेपी का आरोप है कि कांग्रेस ने ऐसे विदेशी वक्ताओं को मंच दिया, जिनके संबंध अरबपति निवेशक जॉर्ज सोरोस से जुड़े संगठनों से बताए जाते हैं और जिन्होंने भारत के खिलाफ बयान दिए हैं। पार्टी ने राहुल गांधी पर विदेशी ताकतों की ‘कठपुतली’ की तरह काम करने और नरेंद्र मोदी सरकार को हटाने के लिए अंतरराष्ट्रीय समर्थन जुटाने का आरोप भी लगाया है।बीजेपी ने सवाल किया है कि भारत समिट वास्तव में विचार-विमर्श का मंच था या इसके जरिए भारत और उसकी लोकतांत्रिक संस्थाओं के खिलाफ कथित नैरेटिव को अंतरराष्ट्रीय समर्थन दिलाने की कोशिश की गई।
बीजेपी ने राहुल गांधी की राजनीति पर भी साधा निशाना
बीजेपी के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक आशीष उषा अग्रवाल ने भी राहुल गांधी की राजनीति पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कांग्रेस नेता की राजनीति को ‘भारत विरोधी रास्ते’ की ओर बढ़ता हुआ बताया। आशीष उषा अग्रवाल के मुताबिक, जब कोई विदेशी प्रतिनिधि भारत की संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाता है, लोकतंत्र पर संदेह जताता है और देश की छवि को नुकसान पहुंचाने वाली बातें करता है, तब राहुल गांधी के चेहरे पर खुशी दिखाई देती है।
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।