यूट्यूबर अरमान मलिक(Armaan Malik) एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनका कोई व्लॉग या पारिवारिक मामला नहीं बल्कि पड़ोसियों के साथ हुआ विवाद है। अरमान और उनकी पत्नी कृतिका मलिक ने आरोप लगाया है कि उनके पास वाले फ्लैट में देर रात तक पार्टी होती है और तेज आवाज में गाने बजाए जाते हैं। इससे उनके परिवार को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पूरे मामले का वीडियो अरमान ने 16 नवंबर को सोशल मीडिया पर शेयर किया है।
वीडियो में कृतिका मलिक काफी नाराज दिखाई देती हैं। उनका कहना है कि पड़ोस के फ्लैट में रोज नए-नए लोग आते हैं और देर रात तक पार्टी करते हैं। उन्होंने बताया कि रात के करीब एक बजे भी वहां तेज आवाज में म्यूजिक बज रहा था। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। कृतिका कैमरे के सामने फ्लैट की ओर इशारा करते हुए वहां हो रहे शोर को भी दिखाती हैं। उनका कहना है कि यह परेशानी किसी एक दिन की नहीं, बल्कि रोज का मामला बन चुकी है।
पड़ोसियों से हुई अरमान की बहस
वीडियो में अरमान मलिक भी गुस्से में नजर आते हैं। फ्लैट से बाहर आए लोगों से वह सवाल करते हैं कि इतनी रात में तेज आवाज में गाने क्यों बजाए जा रहे हैं। उनका कहना था कि आसपास दूसरे परिवार भी रहते हैं और घरों में छोटे बच्चे भी हैं जिन्हें इस शोर से परेशानी होती है।
वहीं, फ्लैट में मौजूद लोगों ने जवाब दिया कि वे उसी दिन वहां आए हैं। इस पर अरमान ने कहा कि यह समस्या पहले से चली आ रही है। बातचीत के दौरान फ्लैट के लोगों ने मकान मालिक से संपर्क करने की बात कही लेकिन अरमान का आरोप था कि मालिक फोन नहीं उठाता।
होमस्टे को लेकर मकान मालिक पर उठाए सवाल
अरमान ने इस विवाद के लिए फ्लैट के मालिक को भी जिम्मेदार ठहराया। उनका आरोप है कि फ्लैट को बीएनबी यानी होमस्टे की तरह किराए पर दिया जा रहा है जहां लगातार नए लोग आते हैं और शोर-शराबा होता है।
मामला बढ़ता देख अरमान ने अपने साथ मौजूद लोगों से पुलिस को फोन करने के लिए कहा। फिलहाल इस विवाद पर पुलिस की कार्रवाई या फ्लैट मालिक का पक्ष सामने आने की जानकारी नहीं है।