HomeBreaking Newsदुनिया बनाते रह गई इलेक्ट्रिक कार, चीन ने उड़ाया 19 यात्रियों वाला...

दुनिया बनाते रह गई इलेक्ट्रिक कार, चीन ने उड़ाया 19 यात्रियों वाला इलेक्ट्रिक विमान

इलेक्ट्रिक कारों के बाद अब विमानन क्षेत्र में भी बैटरी से चलने वाले एयरक्राफ्ट भविष्य की नई उम्मीद बन रहे हैं। चीन ने 19 यात्रियों की क्षमता वाले इलेक्ट्रिक विमान CE-25A की पहली मानव-सहित उड़ान पूरी कर ली है। इसकी खासियत यह है कि इसमें पारंपरिक विमानों की तरह एक या दो बड़े इंजन नहीं लगाए गए हैं, बल्कि पंखों पर लगे 10 इलेक्ट्रिक फैन इसे आगे बढ़ाते हैं। कंपनी के मुताबिक, यह विमान एक बार में 400 Km तक उड़ सकता है और इसकी क्रूज स्पीड 300 किलोमीटर प्रति घंटा है।

पहली उड़ान में पायलट और टेस्ट इंजीनियर रहे मौजूद

चीन की सरकारी विमान निर्माता कंपनी COMAC ने CE-25A को विकसित किया है। इस विमान ने 14 नवंबर 2026 को शानदोंग प्रांत के बिनझोउ में पहली बार पायलट और क्रू के साथ उड़ान भरी। इस दौरान विमान में दो पायलट और एक फ्लाइट टेस्ट इंजीनियर मौजूद थे। करीब 10 टन वजन वाले इस विमान में अधिकतम 19 यात्री बैठ सकते हैं। इसे लगभग 2,400 मीटर की ऊंचाई पर उड़ान भरने के लिए तैयार किया गया है। कंपनी ने इसकी रेंज 400 किलोमीटर और सामान्य उड़ान के दौरान रफ्तार 300 किलोमीटर प्रति घंटा बताई है। इस विमान के दोनों पंखों पर पांच-पांच इलेक्ट्रिक फैन लगाए गए हैं। इन्हें इलेक्ट्रिक डक्टेड फैन कहा जाता है। इनके भीतर लगे ब्लेड तेजी से घूमकर हवा को पीछे की ओर धकेलते हैं, जिससे विमान को आगे बढ़ने के लिए जरूरी ताकत मिलती है।

10 इलेक्ट्रिक फैन मिलकर कैसे उड़ाते हैं विमान?

आमतौर पर यात्री विमानों में एक या दो बड़े इंजन होते हैं, जो हवा को पीछे की ओर धकेलकर विमान को आगे बढ़ाते हैं। CE-25A में यही काम कई छोटे इलेक्ट्रिक फैन मिलकर करते हैं। इस तकनीक को डिस्ट्रीब्यूटेड इलेक्ट्रिक प्रोपल्शन (Distributed Electric Propulsion) कहा जाता है। इस सिस्टम में विमान को आगे बढ़ाने की ताकत किसी एक या दो बड़े इंजन से देने के बजाय अलग-अलग जगहों पर बांट दी जाती है। हर फैन को एक इलेक्ट्रिक मोटर चलाती है। मोटर बैटरी से बिजली लेकर फैन को घुमाती है और फैन हवा को पीछे की ओर भेजते हैं। इस डिजाइन से इंजीनियरों को पंखों और फैन की बनावट के अलग-अलग विकल्पों पर प्रयोग करने का मौका मिलता है। भविष्य में ऐसी तकनीक से कम शोर करने वाले और छोटी दूरी के लिए उपयोगी विमान विकसित किए जा सकते हैं। हालांकि, ऊर्जा की वास्तविक बचत और रखरखाव से जुड़े फायदे अभी आगे के परीक्षणों से स्पष्ट होंगे। CE-25A को COMAC ने चीन की बैटरी निर्माता कंपनी CATL, शंघाई जियाओतोंग यूनिवर्सिटी और अन्य साझेदारों के साथ मिलकर तैयार किया है।

क्या इलेक्ट्रिक विमान से सस्ता होगा हवाई सफर?

इलेक्ट्रिक विमान के सामने सबसे बड़ी चुनौती बैटरी का वजन और उसकी क्षमता है। कार सड़क पर चलती है और जरूरत पड़ने पर रुक सकती है, लेकिन विमान को हवा में बने रहने के लिए लगातार ऊर्जा चाहिए। बैटरी भारी होने पर विमान को उड़ाने के लिए ज्यादा ताकत की जरूरत पड़ती है। इसलिए ऐसी बैटरी जरूरी है, जो कम वजन में अधिक ऊर्जा स्टोर कर सके। CE-25A की 400 किलोमीटर की रेंज को देखते हुए इसे लंबी दूरी या अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के बजाय छोटी और क्षेत्रीय यात्राओं के लिए उपयोगी माना जा सकता है। भविष्य में ऐसे विमान छोटे शहरों को बड़े शहरों से जोड़ने वाले रूट पर काम आ सकते हैं।

Read More

कोच्चि में 70 साल की महिला से रेप की कोशिश, कचरा उठाकर वापस लौट रही थी घर

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments