HomeBreaking Newsपंजाब में चुनाव से पहले बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 140 अफसरों के तबादले,...

पंजाब में चुनाव से पहले बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 140 अफसरों के तबादले, 6 जिलों को मिले नए DC

Punjab Transfer: पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव किया गया है। मंगलवार रात राज्य सरकार ने 140 अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए। इनमें 29 आईएएस और 111 PCS अधिकारी शामिल हैं। मुख्य सचिव केएपी सिन्हा की ओर से जारी आदेशों के तहत जिला प्रशासन, नगर निगमों, विकास प्राधिकरणों और विभिन्न सरकारी विभागों में अधिकारियों की नई तैनाती की गई है।

छह जिलों को मिले नए डिप्टी कमिश्नर

इस फेरबदल के तहत मोहाली में आदित्य डचलवाल (आईएएस 2016), रूपनगर में कोमल मित्तल (आईएएस 2014), लुधियाना में हिमांशु अग्रवाल (आईएएस 2014), पटियाला में हिमांशु जैन (आईएएस 2017), बरनाला में अभिजीत कपलिश (आईएएस 2015) और तरनतारन में निर्मल ओसेपचन (आईएएस 2019) को नया डिप्टी कमिश्नर नियुक्त किया गया है। अभिजीत कपलिश को नगर निगम बरनाला के कमिश्नर का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

चुनाव आयोग के निर्देशों के बाद हुई कार्रवाई

आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए भारत निर्वाचन आयोग ने पंजाब समेत पांच राज्यों को चुनाव ड्यूटी से जुड़े अधिकारियों के तबादले 30 नवंबर 2026 तक पूरे करने और इसकी रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए थे। आयोग ने स्पष्ट किया था कि किसी भी अधिकारी की तैनाती उसके गृह जिले में नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा, पिछले चार वर्षों में किसी एक जिले में तीन साल या उससे अधिक समय से तैनात अधिकारियों को भी वहां से हटाने के निर्देश दिए गए थे।

नियमों के दायरे में DC से लेकर थाना प्रभारी तक

चुनाव आयोग के निर्देशों का दायरा केवल प्रशासनिक अधिकारियों तक सीमित नहीं है। इसमें डीसी, एसडीएम, जिला निर्वाचन अधिकारी, रिटर्निंग ऑफिसर, आबकारी अधिकारी के साथ पुलिस विभाग के डीआईजी, एसएसपी, एसपी, डीएसपी और थाना प्रभारी भी शामिल हैं। इन बदलावों का उद्देश्य चुनाव से पहले प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था में निष्पक्षता बनाए रखना है।

कई IAS अधिकारियों के विभाग भी बदले

सरकार ने कई अन्य आईएएस अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। राहुल (आईएएस 2017) को मिल्कफेड का प्रबंध निदेशक और पेड़ा का मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। राहुल गुप्ता (आईएएस 2016) को परिवहन विभाग का विशेष सचिव, हरप्रीत सिंह (IAS 2019) को खेल एवं युवा सेवाएं विभाग का निदेशक, अनुपम कलेर (IAS 2017) को रक्षा सेवाएं कल्याण विभाग का विशेष सचिव और मनीषा राणा (IAS  2019) को सूचना प्रौद्योगिकी उद्योग प्रोत्साहन का निदेशक नियुक्त किया गया है।

9 युवा IAS अधिकारियों को मिली SDM की जिम्मेदारी

2024 बैच के नौ युवा आईएएस अधिकारियों को अलग-अलग क्षेत्रों में एसडीएम लगाया गया है। इनमें गुरलीन को भवानीगढ़, अभिमन्यु मलिक को खमानों, शिवांश राठी को नंगल, हर्षिता शर्मा को अहमदगढ़, शिवांश अस्थाना को मजीठा, लिंधिया एलएन को मोरिंडा, प्रगति रानी को मूनक, ओइशी मंडल को कलानौर और मुकिलन आर को बनूड़ की जिम्मेदारी दी गई है।

111 PCS अधिकारियों की भी नई तैनाती

प्रशासनिक फेरबदल के तहत 111 पीसीएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इनमें अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर, एसडीएम, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी और नगर निगमों के कमिश्नर स्तर के अधिकारी शामिल हैं। जगविंदरजीत सिंह ग्रेवाल को अतिरिक्त मुख्य प्रशासक, अमृतसर विकास प्राधिकरण और अमरबीर कौर भुल्लर को पंजाब लघु उद्योग एवं निर्यात निगम का अतिरिक्त प्रबंध निदेशक बनाया गया है।

शिखा भगत को अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (सामान्य), कपूरथला के साथ ग्रामीण विकास का अतिरिक्त प्रभार, परमदीप सिंह को अतिरिक्त मुख्य प्रशासक, पटियाला विकास प्राधिकरण और अमनदीप कौर को अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास), फिरोजपुर नियुक्त किया गया है। राकेश कुमार पोपली को बठिंडा में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास) और अनमोल सिंह धालीवाल को अतिरिक्त राज्य परिवहन आयुक्त, पंजाब की जिम्मेदारी दी गई है।

नगर निगमों और जिलों में भी बदले अधिकारी

अमरजीत को अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास), होशियारपुर, दमनजीत सिंह मान को नगर निगम लुधियाना का कमिश्नर, चारुमिता को अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास), लुधियाना और कंवलजीत सिंह को नगर निगम कपूरथला का कमिश्नर नियुक्त किया गया है। वहीं, विनीत कुमार को अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (शहरी विकास), जालंधर, रविंदर सिंह अरोड़ा को अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास), अमृतसर और शिवराज सिंह बल को SDM फिल्लौर लगाया गया है।

इस बड़े फेरबदल को आगामी विधानसभा चुनावों से पहले पंजाब के प्रशासनिक ढांचे को व्यवस्थित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Read More:

संगरूर में मौत बनकर दौड़ी PRTC बस! ओवरब्रिज के पास पेड़ से टकराई, 3 की मौत, लगभग 24 घायल, CM मान ने जताया दुख

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments