उत्तर प्रदेश के कानपुर में छोटी दिवाली की रात एक तेज रफ्तार थार ने 50 वर्षीय संतोष सिंह LIC एजेंट की जान ले ली। कल्याणपुर के आवास विकास निवासी संतोष अपनी पत्नी के लिए साड़ी खरीदकर स्कूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बालू ठेकेदार गुड्डू सचान की बेटी गीत सचान की थार ने उन्हें टक्कर मार दी। आरोप है कि टक्कर के बाद कार उन्हें कुछ दूर तक घसीटती चली गई। हादसे में संतोष की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल थार को कब्जे में लेकर गीत सचान को गिरफ्तार किया था। हालांकि, गिरफ्तारी के बाद ही उसे थाने से जमानत मिल गई। इस फैसले से नाराज मृतक के बेटे राहुल सिंह ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।
हादसे के बाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
हादसे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। इसमें कथित तौर पर गीत सचान दुर्घटना के बाद थार से उतरकर पीछे की ओर जाती दिखाई दे रही है। पास में संतोष सिंह का शव पड़ा नजर आता है। वीडियो में कुछ देर बाद लोग दूसरी कार लेकर पहुंचते हैं, जिसके बाद युवती उसमें बैठकर चली जाती है। बताया जा रहा है कि गीत सचान इटली से पढ़ाई करके लौटी है और अपने पिता की थार चलाना सीख रही थी। मृतक के परिवार का आरोप है कि हादसा रात करीब 8 बजे हुआ था, लेकिन पुलिस ने शव को अज्ञात के तौर पर दर्ज किया, जबकि परिजन उसकी पहचान कर चुके थे।
बेटे ने पोस्टमार्टम हाउस पर किया हंगामा
संतोष सिंह के बेटे राहुल सिंह ने पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचकर विरोध जताया और धरने पर बैठ गया। राहुल लखनऊ में मैनेजर के पद पर काम करता है। उसका आरोप है कि पुलिस ने शुरुआत में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और आरोपी युवती को बचाने की कोशिश की। राहुल ने कहा कि दिवाली से पहले जिस हादसे ने उसके परिवार की खुशियां छीन लीं, उसकी आरोपी युवती जमानत मिलने के बाद अपने घर में त्योहार मना रही है। उसने यह भी दावा किया कि गीत सचान के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। परिवार ने मामले में निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है।
पुलिस बोली- सात साल से कम सजा का प्रावधान
मामले में एसीपी दिलीप सिंह ने बताया कि हादसे के आरोपी गीत सचान को गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, संबंधित अपराध में सात साल से कम सजा का प्रावधान होने के चलते उसे थाने से जमानत दे दी गई। एसीपी के मुताबिक, पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और दुर्घटना में शामिल थार को जब्त कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि परिवार को पुलिस की कार्रवाई या मामले से जुड़ी कोई अतिरिक्त शिकायत है, तो वह लिखित रूप में दे सकता है। शिकायत को भी जांच में शामिल किया जाएगा।
Read More
दिल्ली में यमुना पर शुरू हुई क्रूज सेवा, 500 रुपये में 40 मिनट की रिवर सफारी का ले सकेंगे मजा


[…] कानपुर में THAR की टक्कर से LIC एजेंट की मौत… […]