HomeBreaking Newsदिल्ली में यमुना पर शुरू हुई क्रूज सेवा, 500 रुपये में 40...

दिल्ली में यमुना पर शुरू हुई क्रूज सेवा, 500 रुपये में 40 मिनट की रिवर सफारी का ले सकेंगे मजा

दिल्लीवासियों को अब यमुना नदी में क्रूज की सवारी करने के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। राजधानी में मंगलवार (10 नवंबर) से यमुना रिवर सफारी की शुरुआत हो गई है। केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोनिया विहार में इस सेवा का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा समेत कई नेता मौजूद रहे। इस रिवर सफारी के तहत लोग यमुना नदी में करीब 4 से 5 किलोमीटर की यात्रा कर सकेंगे। सोनिया विहार से जगतपुर तक चलने वाले इस सफर में लगभग 40 मिनट लगेंगे। इसके लिए प्रति व्यक्ति 500 रुपये टिकट तय किया गया है। टिकट दिल्ली पर्यटन विभाग की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन बुक किए जा सकेंगे।

क्रूज में मिलेंगी AC और बायो-टॉयलेट जैसी सुविधाएं

यमुना रिवर सफारी में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का ध्यान रखा गया है। क्रूज में एयर कंडीशनिंग, सुरक्षा जैकेट, साउंड सिस्टम और बायो-टॉयलेट की व्यवस्था होगी। एक बार में अधिकतम 30 यात्री इसमें सफर कर सकेंगे। क्रूज ऑपरेटर को हर दिन कम से कम चार फेरे लगाने होंगे। नौकाओं में जीरो डिस्चार्ज वाले बायो-टॉयलेट लगाए जाएंगे, ताकि अपशिष्ट सीधे यमुना नदी में न पहुंचे। यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी भी ऑपरेटर की होगी। हालांकि, नदी की स्थिति के अनुसार सेवा का संचालन किया जाएगा। यमुना में बाढ़ आने या जलस्तर बहुत अधिक बढ़ने पर सुरक्षा के मद्देनजर क्रूज सेवा रोक दी जाएगी। इसी तरह पानी का स्तर बहुत कम होने पर भी सफारी नहीं चलाई जा सकेगी।

अब दिल्ली में ही मिलेगा क्रूज का अनुभव 

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यमुना रिवर सफारी को दिल्लीवासियों के लिए नया अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि पहले लोग नाव या क्रूज की सवारी का आनंद लेने के लिए दूसरे शहरों और राज्यों में जाते थे, लेकिन अब राजधानी में ही यह सुविधा उपलब्ध होगी। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘हमारे बच्चे कहते थे कि जब प्रयागराज जाएंगे तो नाव में बैठेंगे। दूसरे राज्यों में जाने पर भी बच्चे नाव या क्रूज में बैठने की जिद करते थे। अब दिल्ली में ही इतनी सुंदर व्यवस्था तैयार की गई है।’ उन्होंने बताया कि रिवर सफारी के साथ लाइट एंड साउंड शो और मनोरंजन की दूसरी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इससे बच्चे और बड़े एक साथ समय बिता सकेंगे। उन्होंने दिल्लीवासियों से इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की।

यमुना की 60 फीसदी सफाई पूरी – कपिल मिश्रा का दावा

दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने इस परियोजना को राजधानी के लिए बड़ी सौगात बताया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में रिवर सफारी की संख्या बढ़ाई जाएगी। उनके मुताबिक, दिल्ली सरकार, डीडीए और पर्यटन विभाग मिलकर इस परियोजना पर काम कर रहे हैं। कपिल मिश्रा ने दावा किया कि यमुना की सफाई का करीब 60 फीसदी काम पूरा हो चुका है, जबकि 40 फीसदी काम अभी बाकी है। उन्होंने पिछली सरकारों पर भी निशाना साधा और कहा कि वे चाहतीं तो इस तरह की परियोजना पहले शुरू कर सकती थीं।

मार्च 2025 में हुआ था समझौता

यमुना में क्रूज पर्यटन विकसित करने के लिए मार्च 2025 में भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (IWAI) और दिल्ली सरकार की संबंधित एजेंसियों के बीच समझौता हुआ था। इसके तहत सोनिया विहार से जगतपुर के बीच करीब 4 किलोमीटर के हिस्से में रिवर सफारी शुरू करने की योजना बनाई गई। परियोजना शुरू होने से पहले पिछले महीने वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में क्रूज का ट्रायल रन भी किया गया था, जिसे सफल बताया गया। उद्घाटन कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने देश में पिछले 12 वर्षों के दौरान जलमार्ग क्षेत्र में हुई प्रगति का जिक्र किया और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व की सराहना की। अब दिल्ली में यमुना के रास्ते पर्यटन को बढ़ावा देने की इस पहल पर सबकी नजर रहेगी।

Read More

तमिलनाडु में सरकारी बैंक खातों से 22.10 करोड़ की ठगी, क्राइम ब्रांच ने शुरू की जांच

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments