दिवाली से पहले लॉरेंस बिश्नोई गैंग को बड़ा झटका लगने की खबर सामने आई है। गैंग से जुड़ा बताया जा रहा गैंगस्टर हैरी बॉक्सर(Harry Boxer) अमेरिका के कैलिफोर्निया में हिरासत में लिया गया है। जानकारी के मुताबिक, स्पेशल सेल से मिले इनपुट के आधार पर अमेरिकी एजेंसियों ने बीती रात यह कार्रवाई की। हैरी बॉक्सर हरियाणा का मोस्ट वांटेड अपराधी बताया जाता है। उस पर हत्या, धमकी देने और रंगदारी वसूलने जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
हैरी बॉक्सर का असली नाम हरचंद बताया जाता है। वह राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले की बानसूर तहसील के चतरपुरा आढ़ी गेली गांव का रहने वाला है। बताया जाता है कि उसे बचपन से ही बॉक्सिंग का शौक था। बाद में अपराध की दुनिया में आने के बाद वह हैरी बॉक्सर के नाम से पहचाना जाने लगा। उसे हरि बॉक्सर भी कहा जाता है। कई साल पहले वह भारत छोड़कर विदेश चला गया था।
अमेरिका में बैठकर गैंग चलाने का आरोप
जानकारी के अनुसार, हैरी बॉक्सर अमेरिका में रहकर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए काम कर रहा था। उस पर बॉलीवुड के कई चर्चित लोगों को धमकियां देने के आरोप हैं। इनमें अभिनेता सलमान खान और फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी का नाम भी शामिल है।
रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग के बाद हैरी बॉक्सर ने सोशल मीडिया पोस्ट और ऑडियो संदेश के जरिए इसकी जिम्मेदारी लेने का दावा किया था। इसके साथ ही उसने फिल्म जगत से जुड़े लोगों को धमकियां भी दी थीं।
कपिल शर्मा के कैफे पर कराई थी फायरिंग
हैरी बॉक्सर का नाम कनाडा में कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे पर हुई फायरिंग की घटना से भी जोड़ा गया है। आरोप है कि उसने विदेश में बैठकर इस तरह की आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने में भूमिका निभाई।
उसकी हिरासत को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए अहम कार्रवाई माना जा रहा है। हालांकि, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी से जुड़ी आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।