UP Skill Development Scheme: उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए शनिवार यानी 31 अक्टूबर का दिन खास रहने वाला है। सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ के लोक भवन सभागार में 1,725 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी ‘सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार क्षेत्र विकास योजना’ का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। इस योजना का उद्देश्य युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देने के साथ रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना है।
पांच जिलों में बनेंगे आधुनिक कौशल केंद्र
योजना के पहले चरण में प्रदेश के पांच प्रमुख जिलों लखनऊ, गोरखपुर, कानपुर, झांसी और गौतम बुद्ध नगर में ‘सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार क्षेत्र विकास केंद्र’ स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों के जरिए युवाओं को आधुनिक कौशल का प्रशिक्षण देने और उन्हें रोजगार से जोड़ने की दिशा में काम किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान इन केंद्रों का शिलान्यास भी किया जाएगा।
योजना के विशेष पोर्टल का भी लोकार्पण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम के दौरान योजना से जुड़े विशेष पोर्टल का भी लोकार्पण करेंगे। इस पोर्टल के माध्यम से कौशल प्रशिक्षण और रोजगार से जुड़ी गतिविधियों को एक मंच पर लाने की पहल की जाएगी। युवाओं के सशक्तीकरण और रोजगार के नए द्वार खोलने के उद्देश्य से कई बड़े समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान भी होगा।
युवाओं को मिलेंगे जॉब और प्लेसमेंट लेटर
समारोह में एमएसएमई विभाग और यूपीएसआईसी के प्रशिक्षण कार्यक्रमों के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके युवाओं को जॉब ऑफर लेटर और प्लेसमेंट लेटर सौंपे जाएंगे। इससे प्रशिक्षण पूरा कर चुके युवाओं को रोजगार से जोड़ने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।
उद्यमियों को टूलकिट और वित्तीय सहायता
कार्यक्रम में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए एमएसएमई विभाग के लाभार्थियों को टूलकिट और वित्तीय सहायता के चेक भी वितरित किए जाएंगे। सरकार की इस पहल का उद्देश्य प्रशिक्षण के साथ युवाओं और लाभार्थियों को स्वरोजगार के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध कराना भी है।
कार्यक्रम में कई मंत्री और विधायक रहेंगे मौजूद
लखनऊ के लोक भवन में होने वाले इस कार्यक्रम में दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के अलावा वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, मंत्री अनिल राजभर, मंत्री आशीष पटेल और मंत्री भूपेंद्र चौधरी मौजूद रहेंगे। राज्य मंत्री हंस राज विश्वकर्मा, विधायक जय देवी, डॉ. नीरज बोरा, डॉ. राजेश्वर सिंह, विधायक ओपी श्रीवास्तव, योगेश शुक्ला और अमरेश कुमार सहित तमाम नेतागण भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
युवाओं के लिए रोजगार पर जोर
सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर शुरू की जा रही यह योजना उत्तर प्रदेश में कौशल विकास और रोजगार के अवसरों को बढ़ाने पर केंद्रित है। पांच जिलों में आधुनिक कौशल केंद्रों की स्थापना, विशेष पोर्टल का लोकार्पण, युवाओं को जॉब और प्लेसमेंट लेटर तथा एमएसएमई लाभार्थियों को टूलकिट और वित्तीय सहायता का वितरण कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण होंगे।
Read More:
दिल्ली में आज AAP PAC की अहम बैठक, पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए जारी होगी उम्मीदवारों की पहली लिस्ट


[…] UP के युवाओं को योगी सरकार की बड़ी सौगात… […]
[…] UP के युवाओं को योगी सरकार की बड़ी सौगात… […]