पाकिस्तान के रावलपिंडी में श्रीलंका के खिलाफ खेली जा रही वनडे ट्राई-सीरीज के मुकाबले में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने महज 114 गेंदों में तूफानी दोहरा शतक जड़कर अंतरराष्ट्रीय वनडे क्रिकेट का सबसे तेज दोहरा शतक बनाने का नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया। ब्रूक इंग्लैंड की ओर से वनडे में दोहरा शतक बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं, जबकि ग्लेन मैक्सवेल के बाद निचले क्रम में आकर यह कारनामा करने वाले वे दुनिया के दूसरे नॉन-ओपनर बल्लेबाज हैं।
शुभमन गिल का रिकॉर्ड टूटा
ब्रूक ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से भारत के शुभमन गिल का रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया, जिन्होंने गुवाहाटी में वेस्टइंडीज के खिलाफ 117 गेंदों में दोहरा शतक बनाया था। इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड टीम की शुरुआत टॉम बैंटन (50) और बेन डकेट (29) ने कराई, लेकिन 85 रन पर दो विकेट गिरने के बाद ब्रूक मैदान में उतरे। ब्रूक ने जो रूट (69) के साथ पारी को संभाला और 116 गेंदों में 202 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली, जिसमें 21 चौके और 10 छक्के शामिल रहे। उन्होंने बेन स्टोक्स के 182 रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए इंग्लैंड के लिए सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर का नया कीर्तिमान भी बनाया।
विल जैक्स का तूफान और 429 रनों का विशाल पहाड़
मैच के अंतिम ओवरों में विल जैक्स ने भी जमकर तबाही मचाई और सिर्फ 30 गेंदों पर 8 चौके व 3 छक्कों की मदद से नाबाद 66 रनों की आतिशी पारी खेली। इंग्लैंड ने आखिरी 5 ओवरों में 78 रन बटोरे और 50 ओवरों में 4 विकेट खोकर 429 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। यह वनडे क्रिकेट इतिहास में इंग्लैंड का 8वां 400 से अधिक का स्कोर है।
श्रीलंकाई गेंदबाजों की हुई भारी धुनाई
श्रीलंका के गेंदबाज ब्रूक और जैक्स के तूफान के सामने बेबस नजर आए। एशन मलिंगा ने 10 ओवर में 91 और दिलशान मदुशंका ने 89 रन लुटाए। श्रीलंका के लिए दुनिथ वेलालागे ही एकमात्र सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 10 ओवर में 56 रन देकर 2 विकेट झटके, जबकि असिथा फर्नांडो और जनिथ लियानागे को एक-एक सफलता मिली। ब्रूक की इस रिकॉर्डतोड़ पारी की बदौलत इंग्लैंड ने मुकाबले में अपनी पकड़ मजबूत कर ली है।
READ MORE: दिवाली से पहले आसमान छू रहे फ्लाइट के दाम, क्या त्योहार के बाद भी महंगे रहेंगे हवाई टिकट या मिलेगी राहत?