HomeBreaking Newsटूरिस्टों के लिए मनाली जाना हुआ आसान! दयोड़-हणोगी टनल खुली, अब बस...

टूरिस्टों के लिए मनाली जाना हुआ आसान! दयोड़-हणोगी टनल खुली, अब बस एक घंटे में तय करेंगे मंडी से कुल्लू का सफर

Kiratpur-Manali Four-Lane Highway Opened: हिमाचल प्रदेश में कीरतपुर-मनाली फोरलेन प्रोजेक्ट के तहत मंडी से कुल्लू के बीच सफर अब पहले के मुकाबले आसान हो गया है। शुक्रवार को नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने दयोड़ से हणोगी के बीच बनी दो टनलों में से एक को यातायात के लिए खोल दिया। टनल शुरू होने से खासकर टूरिस्ट सीजन और कुल्लू दशहरा उत्सव के दौरान यात्रियों को लंबे जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।

पूजा के बाद खुली टनल

यातायात शुरू करने से पहले NHAI के अधिकारियों ने टनल के भीतर हवन और पूजा-अर्चना की। पंडितों ने मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत पूजा की और टनल से सुरक्षित एवं सुगम यातायात की कामना की। टनल खुलने के बाद मंडी के एएसपी अभिमन्यु वर्मा ने इसका वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लोगों को यहां से यात्रा का आनंद लेने की जानकारी दी।

सुरक्षा जांच के बाद मिली हरी झंडी

दोनों टनलों का निर्माण करीब एक सप्ताह पहले ही पूरा हो गया था। सोमवार को NHAI के मेंबर बोर्ड विपनेश शर्मा ने मौके का निरीक्षण किया और कुछ सुरक्षा संबंधी सुझाव दिए। NHAI के प्रोजेक्ट डायरेक्टर वरुण चारी ने इन सुझावों पर तुरंत काम कराया, जिसके बाद टनल को यातायात के लिए तैयार किया गया। दिल्ली से केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की हरी झंडी मिलने के बाद शुक्रवार को इसे वाहनों के लिए खोल दिया गया।

पुराने हाईवे के जाम से राहत

टनल शुरू होने से यात्रियों को पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगने वाले लंबे जाम से राहत मिलेगी। पुराने मार्ग पर खोतीनाला और जोगणी माता मंदिर के रास्ते से होकर गुजरना पड़ता था। यह सड़क काफी संकरी है, जिससे विशेषकर बड़े वाहनों के गुजरने में परेशानी होती थी। वहीं, पहाड़ी से पत्थर गिरने का खतरा भी बना रहता था। किसी वाहन के खराब होने की स्थिति में यहां जाम और लंबा हो जाता था।

मंडी-कुल्लू की दूरी 78 से 60 किमी

फोरलेन प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद मंडी से कुल्लू की दूरी 78 किलोमीटर से घटकर 60 किलोमीटर रह जाएगी। पूरे प्रोजेक्ट के तहत यह सफर करीब एक घंटे में पूरा किया जा सकेगा, जबकि पहले इसमें डेढ़ से दो घंटे तक लगते थे। मौजूदा टनल शुरू होने से ही यात्रियों के सफर में करीब ढाई किलोमीटर की कमी आएगी।

2.8 किमी और 650 मीटर की टनल

दयोड़-हणोगी के बीच बनी दोनों टनलों में एक की लंबाई 2.8 किलोमीटर और दूसरी की लंबाई 650 मीटर है। पुराने हाईवे से इसी हिस्से को पार करने के लिए करीब 6 किलोमीटर का सफर करना पड़ता था। ऐसे में टनल से यात्रा का समय कम होने के साथ मार्ग भी अधिक सुगम होगा।

कुल्लू दशहरा और पर्यटन सीजन में फायदा

दयोड़ में पर्यटन सीजन के दौरान कंजेशन की वजह से हर साल भारी जाम की समस्या सामने आती थी। संकरी सड़क पर बड़े वाहनों के निकलने में दिक्कत होती थी और ब्रेकडाउन होने पर स्थिति और बिगड़ जाती थी। अब टनल शुरू होने से आगामी कुल्लू दशहरा उत्सव और पर्यटन सीजन में यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने दी बधाई

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी टनल का वीडियो अपने सोशल मीडिया हैंडल पर साझा कर लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह प्रोजेक्ट हिमाचल प्रदेश के विकास में नया अध्याय लिखेगा।

Read More:

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने BRICS के मंच से दिया बड़ा संदेश, बताया टैलेंट और अनुभव ही भारत की असली ताकत

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments