यदि आपका पुराना लैपटॉप या डेस्कटॉप काफी धीमा हो गया है और आप नया सिस्टम खरीदने की सोच रहे हैं, तो रुक जाइए। रिलायंस जियो अपनी ‘JioPC’ सर्विस के जरिए पुराने और स्लो कंप्यूटरों को मात्र 5 मिनट में पावरफुल पीसी में बदलने का मौका दे रहा है। इस क्लाउड-बेस्ड सर्विस की मदद से यूजर्स बिना कोई नया हार्डवेयर खरीदे अपने मौजूदा सिस्टम पर 16GB तक रैम और 1TB तक स्टोरेज का फायदा उठा सकते हैं। इस आधुनिक सुविधा की शुरुआत मात्र 1,000 रुपये के प्लान से होती है, जिससे अब नए लैपटॉप पर भारी-भरकम खर्च करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध, किसी भी इंटरनेट से करेगी काम
पहले JioPC की यह सुविधा केवल जियो होम ब्रॉडबैंड ग्राहकों तक सीमित थी, लेकिन अब इसे सभी इंटरनेट यूजर्स के लिए खोल दिया गया है। यानी आपका इंटरनेट कनेक्शन चाहे किसी भी टेलीकॉम या ब्रॉडबैंड कंपनी का हो, आप इस सर्विस का सब्सक्रिप्शन ले सकते हैं। इसे एक्टिवेट करना बेहद आसान है और इसमें 5 मिनट से भी कम समय लगता है। इस पूरी प्रक्रिया में न तो किसी डेटा माइग्रेशन की आवश्यकता होती है और न ही कंप्यूटर में कोई नया पार्ट या हार्डवेयर लगाने की जरूरत पड़ती है।
8 साल पुराना कंप्यूटर भी चलाएगा हैवी AI एप्लिकेशन्स
कंपनी के अनुसार, JioPC सर्विस क्लाउड कंप्यूटिंग की शक्ति से काम करती है, जहां प्रोसेसिंग का मुख्य हिस्सा क्लाउड सर्वर पर होता है। इससे 8 साल पुराना कंप्यूटर भी आधुनिक AI-पावर्ड ऐप्स, भारी प्रोसेसिंग और बड़ी स्टोरेज आवश्यकताओं को आसानी से संभाल सकता है। जियो का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पुराने या कम क्षमता वाले सिस्टम की वजह से कोई भी छात्र या पेशेवर पीछे न छूटे। इससे घर, स्कूल और छोटे व्यवसायों के पुराने पड़े सिस्टम फिर से आधुनिक और उपयोगी बन सकेंगे।
सस्ते और फ्लेक्सिबल सब्सक्रिप्शन प्लान्स
JioPC के प्लान्स काफी किफायती हैं और इनमें सभी टैक्स (GST) शामिल हैं। इसके तहत 8GB रैम और 500GB स्टोरेज वाला 2 महीने का शुरुआती प्लान 1,000 रुपये में उपलब्ध है, जबकि 16GB रैम और 1TB स्टोरेज वाले ‘JioPC Ultra’ 2 महीने के प्लान की कीमत 1,200 रुपये है। इनके 5 महीने वाले प्लान क्रमशः 2,000 रुपये और 2,500 रुपये में मिलते हैं। वहीं वार्षिक विकल्प चुनने पर 12 महीने (10+2 महीने) के प्लान क्रमशः 4,000 रुपये और 5,000 रुपये में उपलब्ध हैं।
सर्विस के इस्तेमाल के लिए चाहिए तेज और स्टेबल इंटरनेट
चुंकी JioPC पूरी तरह से क्लाउड टेक्नोलॉजी पर काम करती है, इसलिए इसके सुचारू संचालन के लिए एक मजबूत और स्थिर इंटरनेट कनेक्शन अनिवार्य है। यूजर्स इस सर्विस का उपयोग ब्रॉडबैंड के अलावा 4G या 5G मोबाइल नेटवर्क कनेक्शन पर भी आसानी से कर सकते हैं। केवल बेहतर इंटरनेट स्पीड की मदद से यूजर्स अपने साधारण से कंप्यूटर पर भी प्रीमियम और हाई-स्पीड परफॉर्मेंस का अनुभव ले सकते हैं।
READ MORE: बिहार कैबिनेट ने लिए 27 बड़े फैसले, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड 5 साल बढ़ा, शहरी निकायों को ₹9,169 करोड़

