कुशीनगर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ(CM Yogi) ने जिले की ऐतिहासिक और धार्मिक पहचान का जिक्र करते हुए कहा कि यह क्षेत्र सदियों से गौरवशाली परंपराओं से जुड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध और भगवान महावीर की महापरिनिर्वाण स्थली होने के कारण कुशीनगर की पहचान पूरी दुनिया में है। CM योगी ने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों के दौरान इस क्षेत्र की विकास संभावनाओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया जिसकी वजह से लोगों को रोजगार और बेहतर सुविधाओं के लिए पलायन करना पड़ा था।
कार्यक्रम में CM योगी ने बीजेपी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं रामविलास भगत और रामप्रवेश साहनी को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि दोनों उम्र 100 साल से ज्यादा की है और दोनों कार्यकर्ताओं ने लंबे समय तक समाज और संगठन के लिए योगदान दिया है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों के अन्नप्राशन संस्कार का भी उल्लेख किया और कहा कि बच्चों का सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
इंसेफ्लाइटिस नियंत्रण को बताया बड़ी उपलब्धि
योगी आदित्यनाथ ने पूर्वांचल में लंबे समय से गंभीर समस्या रही इंसेफ्लाइटिस बीमारी का भी जिक्र करते हुए कहा कि पहले इस बीमारी का असर बड़ी संख्या में मासूम बच्चों पर पड़ रहा था लेकिन तब इलाज की सुविधाएं सीमित थीं। CM योगी ने आगे कहा कि, साल 2017 के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई कदम उठाए गए जिससे बीमारी पर काफी नियंत्रण पाया गया है।
गरीबों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का दावा
CM योगी ने कहा कि वर्तमान सरकार गरीबों को आवास, राशन, स्वास्थ्य सुविधाएं और अन्य योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। आपको बता दें कि CM योगी कुशीनगर में 464 विकास परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पहले कई जरूरतमंद परिवार मूलभूत सुविधाओं से वंचित थे लेकिन अब सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास और हर बच्चे के बेहतर भविष्य के संकल्प को दोहराया।