PM Modi New Zealand Visit: PM मोदी के दो दिवसीय न्यूजीलैंड दौरे के दौरान शनिवार को ऑकलैंड में न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की द्विपक्षीय वार्ता हुई। बैठक में भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते (FTA), व्यापार, रणनीतिक साझेदारी और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने इस यात्रा को दोनों देशों के रिश्तों में नई ऊर्जा भरने वाला ऐतिहासिक अवसर बताया।
FTA को बताया रिश्तों का मील का पत्थर
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते को दोनों देशों के संबंधों में एक अहम उपलब्धि बताया। उन्होंने कम समय में समझौते को अंतिम रूप देने के लिए प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन, उनकी सरकार और पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। प्रधानमंत्री ने कहा, “जब आप भारत आए थे, तभी एफटीए की प्रक्रिया शुरू हुई थी। जिस तरह न्यूजीलैंड ने इतने कम समय में इस समझौते को सफल बनाया, वह शायद दुनिया में सबसे तेज सफल वार्ताओं में से एक है। इस उपलब्धि के लिए मैं आपके नेतृत्व, आपकी सरकार और पूरी टीम का दिल से धन्यवाद करता हूं।”
#WATCH | Auckland, New Zealand: Prime Minister Narendra Modi hold delegation level talks.
Speaking on the occasion, New Zealand Prime Minister Christopher Luxon says, "It is a pleasure and honour to host you here today. It's a truly historic event, you and I have talked about… pic.twitter.com/NF0eFNAeFY
— ANI (@ANI) July 11, 2026
40 साल बाद भारतीय PM का दौरा
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उन्हें खुशी है कि चार दशक बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री को न्यूजीलैंड आने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा, “मुझे बेहद खुशी है कि 40 साल के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने न्यूजीलैंड की यात्रा की है। आपने अपनी आर्थिक राजधानी में इस कार्यक्रम का आयोजन कर भारत और न्यूजीलैंड के संबंधों को नई ताकत देने का अवसर प्रदान किया है। इसके लिए मैं आपका दिल से आभारी हूं।” उन्होंने यह भी कहा कि न्यूजीलैंड के लोगों ने भारत के प्रति जिस आत्मीयता का परिचय दिया, वह बेहद भावुक करने वाला है और यह यात्रा दोनों देशों की मित्रता को नई मजबूती देगी।
लक्सन की भारत यात्रा का किया जिक्र
प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले वर्ष होली के अवसर पर भारत आए प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन की यात्रा को याद करते हुए कहा कि उस दौरे ने दोनों देशों के संबंधों में नए रंग भरे थे। उन्होंने कहा, “आप पिछले वर्ष होली के अवसर पर भारत आए थे। आपकी उस यात्रा ने हमारे संबंधों में होली के रंगों की तरह नई रंगत भर दी। आज हम अपने रिश्तों को रणनीतिक साझेदारी के सूत्र में बांध रहे हैं। यह उपलब्धि हमें आगे और अधिक ऊर्जा तथा आत्मविश्वास के साथ बढ़ने की प्रेरणा देगी।”
हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग पर जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों में साझा विश्वास भारत और न्यूजीलैंड को स्वाभाविक साझेदार बनाता है। उन्होंने कहा, “लोकतांत्रिक मूल्यों में हमारी मजबूत आस्था हमें स्वाभाविक साझेदार बनाती है। हम एक-दूसरे के लिए उपयुक्त साझेदार हैं। हिंद-प्रशांत क्षेत्र में दो समुद्री देशों के रूप में हमारा सहयोग इस क्षेत्र को नई शक्ति देता है। मुझे विश्वास है कि यह यात्रा हमारे द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करेगी और वैश्विक शांति, स्थिरता और सुरक्षा में हमारे संयुक्त योगदान को बढ़ाएगी। हम शांति के समर्थक बनकर वैश्विक कल्याण में अहम भूमिका निभा सकते हैं।”
क्रिस्टोफर लक्सन ने की PM मोदी की सराहना
न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने कहा कि पिछले वर्ष भारत यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने दोनों देशों के संबंधों को मजबूत बनाने में व्यक्तिगत रूप से अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच सहयोग को आगे बढ़ाने में प्रधानमंत्री मोदी का योगदान सराहनीय है। बैठक का मुख्य फोकस द्विपक्षीय संबंधों और अलग-अलग क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत बनाना रहा।
आज कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे PM मोदी
विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को न्यूजीलैंड के प्रमुख उद्योगपतियों और खेल जगत की हस्तियों से भी मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वह ऑकलैंड में भारतीय समुदाय के एक बड़े कार्यक्रम को संबोधित करेंगे, जिसमें करीब 40 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है।
पहली बार PM के रूप में न्यूजीलैंड दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के निमंत्रण पर न्यूजीलैंड पहुंचे थे, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री के रूप में यह उनका पहला न्यूजीलैंड दौरा है। इससे पहले 1986 में तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने न्यूजीलैंड की यात्रा की थी। अप्रैल में दोनों देशों के बीच मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर होने के बाद प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा व्यापार और द्विपक्षीय संबंधों को नई गति देने वाला माना जा रहा है। इससे पहले दोनों नेताओं की मुलाकात 17 मार्च 2025 को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री लक्सन की भारत यात्रा के दौरान हुई थी।
Honoured to receive a ceremonial welcome at Government House in Auckland. The traditional Māori pōwhiri was a moving reflection of New Zealand’s rich heritage and traditions.@chrisluxonmp pic.twitter.com/6yhtmert9N
— Narendra Modi (@narendramodi) July 11, 2026
तीन बड़े समझौतों की संभावना
भारत और न्यूजीलैंड के बीच इस यात्रा के दौरान सीधी उड़ान सेवा, यूपीआई के विस्तार और कृषि क्षेत्र में सहयोग से जुड़े तीन अहम समझौतों पर भी सहमति बनने की संभावना जताई जा रही है।
Read More:
ईरान से बातचीत के लिए तैयार अमेरिका, ट्रंप ने सीजफायर खत्म होने का किया दावा

