CM Yogi Rampur and Bareilly Visit: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को रामपुर और बरेली के दौरे पर रहेंगे। रामपुर के मिलक विधानसभा क्षेत्र में वह 690.39 करोड़ रुपये की 102 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री बरेली पहुंचकर कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक करेंगे।
102 विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात
रामपुर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री 102 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें 75 परियोजनाओं का लोकार्पण और 27 परियोजनाओं का शिलान्यास होगा। इन परियोजनाओं के जरिए जिले में बुनियादी ढांचे और विकास कामों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
मिलक और बिलासपुर को मिलेगा सबसे अधिक लाभ
परियोजनाओं के तहत मिलक विधानसभा क्षेत्र की 27 परियोजनाओं, जिनकी लागत 199.43 करोड़ रुपये है, और बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र की 48 परियोजनाओं, जिनकी लागत 231.25 करोड़ रुपये है, का लोकार्पण किया जाएगा। वहीं, मिलक विधानसभा क्षेत्र की 8 परियोजनाओं, जिनकी लागत 96.30 करोड़ रुपये है, तथा बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र की 19 परियोजनाओं, जिनकी लागत 163.41 करोड़ रुपये है, का शिलान्यास होगा।
जनसभा में 20 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के बाद जनसभा को भी संबोधित करेंगे। प्रशासन के अनुसार कार्यक्रम में करीब 20 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की व्यापक तैयारियां कराई हैं।
सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात
कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था की कमान रामपुर के पुलिस अधीक्षक के हाथों में रहेगी। उनके साथ जिले के अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह और मंडल के अलग-अलग जनपदों से आए दो अतिरिक्त अपर पुलिस अधीक्षक भी तैनात रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए कुल 11 क्षेत्राधिकारी (सीओ), 32 इंस्पेक्टर, करीब 250 दरोगा, एक हजार से अधिक पुलिसकर्मी, जिले का पूरा पुलिस बल और दो कंपनी पीएसी को ड्यूटी पर लगाया गया है।
यातायात से लेकर आपदा राहत तक की व्यवस्था
प्रशासन ने यातायात, पार्किंग, बैरिकेडिंग, प्रवेश और निकास मार्गों के प्रबंधन तथा वीआईपी सुरक्षा के लिए अलग-अलग टीमें बनाई हैं। कार्यक्रम स्थल पर चिकित्सा सेवाओं के साथ अग्निशमन और आपदा राहत दल भी तैनात रहेंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
भाजपा के कई नेताओं के शामिल होने की संभावना
मुख्यमंत्री के साथ मंच पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों के मौजूद रहने की संभावना है, हालांकि आधिकारिक सूची अभी जारी नहीं हुई है। इनमें भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, नगर विधायक आकाश सक्सेना, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी, पूर्व सांसद घनश्याम लोधी, कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, मिलक विधायक राजबाला सिंह, एमएलसी जयपाल सिंह व्यस्त, कुंवर महाराज सिंह, अरविंद सिंह ढिल्लों, महिला आयोग सदस्य सुनीता सैनी और भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हो सकते हैं।
बरेली जाएंगे CM योगी
रामपुर के बाद मुख्यमंत्री बरेली पहुंचेंगे, जहां वे सर्किट हाउस में बैठक करेंगे। इस बैठक में बरेली डिवीज़न के लोक निर्माण विभाग (PWD) की पुरानी परियोजनाओं की समीक्षा की जाएगी और नई पहलों के लिए कार्ययोजना पर चर्चा होगी। इसके बाद, वे बरेली में विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करेंगे।
Read More:
यमुना एक्सप्रेसवे पर बड़ा सड़क हादसा, ट्रेलर से टकराई वॉल्वो बस, 4 लोगों की मौत, 24 घायल

