दिल्ली मेट्रो(Delhi Metro) से जुड़ा एक मामला इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बना हुआ है। एक युवक ने दावा किया है कि मेट्रो स्टेशन पर उसके और उसकी गर्लफ्रेंड के साथ एक पुलिसकर्मी ने ऐसा व्यवहार किया जिससे उन्हें सार्वजनिक रूप से असहज स्थिति का सामना करना पड़ा। युवक की एक पोस्ट इंटरनेट पर वायरल हो गई है और इस पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
युवक के मुताबिक, वह अपनी गर्लफ्रेंड के साथ दिल्ली हाट मेट्रो स्टेशन पर मौजूद था। दोनों राजीव चौक जाने से पहले स्टेशन परिसर में कुछ समय के लिए रुके थे। इसी दौरान उनकी नजर एक ASI (असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर) पर पड़ी जो कथित तौर पर उनकी ओर लगातार देख रहा था। युवक का कहना है कि कुछ देर बाद पुलिसकर्मी उनके पास आया और उनसे सवाल-जवाब शुरू कर दिए।
पुलिसकर्मी अचानक करने लगा सवाल
युवक के मुताबिक, पुलिसकर्मी ने उनसे पूछा कि वे कहां जा रहे हैं कहां से आए हैं और स्टेशन पर क्या कर रहे हैं। उसका आरोप है कि यह पूछताछ सामान्य तरीके से नहीं बल्कि ऊंची आवाज में की गई जिससे आसपास मौजूद यात्रियों का ध्यान उनकी ओर हो गया। युवक का कहना है कि उसने और उसकी साथी ने ऐसा कोई व्यवहार नहीं किया था जिसे नियमों के खिलाफ माना जाए।
शिकायत लेकर पुलिस बूथ पहुंचा युवक
मामले के बाद युवक ने राजीव चौक स्टेशन पहुंचकर पुलिस सहायता केंद्र में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की। उसका दावा है कि वहां मौजूद अधिकारियों ने उसे समझाते हुए कहा कि इस घटना को माता-पिता की डांट की तरह समझना चाहिए। साथ ही यह संभावना भी जताई गई कि पुलिसकर्मी किसी सुरक्षा संबंधी जानकारी के आधार पर अपनी ड्यूटी निभा रहा हो।
हालांकि युवक का कहना है कि उसे सुरक्षा जांच या सामान्य पूछताछ से कोई परेशानी नहीं है लेकिन वह यह जानना चाहता है कि सुरक्षा प्रक्रिया और किसी यात्री को अनावश्यक रूप से असहज करने के बीच की सीमा क्या है। इसी सवाल को लेकर उसने सोशल मीडिया पर अपनी बात साझा की।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्ट
यह पोस्ट वायरल होने के बाद कई लोगों ने अपनी राय दी। कुछ यूजर्स ने पुलिसकर्मियों के लिए बॉडी कैमरा अनिवार्य किए जाने की मांग की ताकि ऐसे मामलों में पारदर्शिता बनी रहे। वहीं कुछ लोगों का मानना है कि वर्दी के साथ जिम्मेदारी भी आती है और किसी भी नागरिक के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाना चाहिए।
1/ 🧵
Today, my girlfriend and I had a strange experience at Delhi Haat Metro. We got off to grab something to eat before heading to Rajiv Chowk. While there, I noticed an ASI repeatedly staring at my girlfriend and giving me looks when I noticed him.@DelhiPolice @CMODelhi
— Yashwant Parihar (@yashwantfx) June 20, 2026

