पंजाब के जालंधर(Jalandhar) में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब प्रसिद्ध आरटीआई कार्यकर्ता सिमरनजीत सिंह पर कुछ अज्ञात हमलावरों ने खुलेआम गोलीबारी कर दी। यह घटना लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के लॉ गेट के पास घटी जो एक व्यस्त और भीड़भाड़ वाला इलाका माना जाता है। अचानक हुई इस वारदात से आसपास मौजूद लोग सहम गए और मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर घटना को अंजाम देने के बाद तेजी से वहां से भाग निकले। पूरी वारदात इतनी तेजी से हुई कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में यह स्पष्ट है कि हमला पूरी तरह सुनियोजित था हालांकि अभी तक हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है।
गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
गोलियों से बुरी तरह घायल सिमरनजीत सिंह को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है और उन्हें लगातार निगरानी में रखा गया है। घटना के बाद उनके समर्थकों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश और चिंता का माहौल देखा जा रहा है।
पहले भी हुई थी ऐसी घटना
हाल ही में पंजाब में एक और बड़ी आपराधिक घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए थे। अमृतसर जिले के मजीठा इलाके के पास रविवार तड़के बाइक सवार हमलावरों ने एक पुलिस अधिकारी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। यह घटना उस समय हुई जब अधिकारी अपनी ड्यूटी पर जाने के लिए घर से निकले थे।
इस हमले में मारे गए एएसआई जोगा सिंह अमृतसर पुलिस कमिश्नरेट में तैनात थे। बताया जा रहा है कि वे उस दिन बटाला से अमृतसर की ओर अपने स्कूटर से जा रहे थे तभी रास्ते में मजीठा के बाहरी इलाके में हमलावरों ने उन्हें रोककर गोली मार दी। यह पूरी घटना फतेहगढ़ चुरियां-मजीठा सड़क के बीच हुई थी
जांच में अब तक कोई सुराग नहीं
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में अभी तक हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है। न ही किसी प्रकार का स्पष्ट मकसद सामने आया है। मृतक के परिजनों ने भी बताया कि उन्हें किसी प्रकार की धमकी या रंजिश की जानकारी नहीं थी जिससे मामला और भी रहस्यमय बन गया है।