HomeBreaking Newsहमीरपुर पुल हादसे पर CM योगी सख्त, बचाव अभियान तेज करने...

हमीरपुर पुल हादसे पर CM योगी सख्त, बचाव अभियान तेज करने के दिए निर्देश, 6 लोगों की गई जान

Hamirpur Bridge Collapse: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में गुरुवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। बेतवा नदी पर बन रहे निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा अचानक ढह गया, जिससे नीचे सो रहे मजदूर मलबे में दब गए। इस दर्दनाक हादसे में छह मजदूरों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत-बचाव अभियान शुरू कर दिया गया।

CM योगी ने राहत कार्य तेज करने के दिए निर्देश

मुख्यमंत्री योगी ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के लिए 5-5 लाख रुपये और घायलों के लिए 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की है। उन्होंने अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा है। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।

CM योगी ने जताया दुख

UP CM योगी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि ‘जनपद हमीरपुर में बेतवा नदी पर एक दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। जिला प्रशासन को एसडीआरएफ के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य तेजी से संचालित करने हेतु निर्देश दिए हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।’

रात 2 बजे मिली हादसे की सूचना

हमीरपुर के अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार वर्मा के अनुसार, 28 और 29 मई की मध्यरात्रि करीब 2 बजे सूचना मिली कि थाना लालपुर क्षेत्र में मोराकंदर और कुरारा की मवाईजार को जोड़ने के लिए बनाए जा रहे पुल का स्लैब गिर गया है। हादसे के समय कई मजदूर पुल के नीचे सो रहे थे, जो मलबे में दब गए।

तीन मजदूर खंभे पर फंसे

प्रशासन के मुताबिक हादसे के बाद कुछ मजदूर पुल के खंभों पर फंस गए थे। एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीम लगातार उन्हें सुरक्षित निकालने में जुटी रही। अधिकारियों ने बताया कि मलबा हटाने का काम युद्धस्तर पर किया गया, ताकि दबे लोगों को जल्द बाहर निकाला जा सके।

बांदा और हमीरपुर के मजदूरों की गई जान

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में जान गंवाने वाले मजदूर बांदा और हमीरपुर जिलों के रहने वाले थे। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से हादसे की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।

Read More:

अगले 24 घंटे के अंदर छू-मंतर होगी गर्मी! 16 राज्यों में तूफानी बारिश का अलर्ट, 100KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, IMD की चेतावनी

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments