IPL 2026 PBKS vs DC: IPL में सोमवार को धर्मशाला के खूबसूरत मैदान पर खेले गए मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स को 3 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस हार के साथ पंजाब किंग्स को लगातार चौथी शिकस्त झेलनी पड़ी, जबकि दिल्ली ने अपनी प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा। दिल्ली ने 211 रनों का बड़ा लक्ष्य आखिरी ओवर में हासिल किया।
टॉस जीतकर दिल्ली ने चुनी गेंदबाजी
धर्मशाला में खेले गए इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पंजाब की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 210 रन बनाए। टीम के लिए प्रियांश आर्य और कप्तान श्रेयस अय्यर ने शानदार अर्धशतक जड़े।
प्रियांश आर्य ने खेली तूफानी पारी
पंजाब किंग्स की शुरुआत तेज रही। प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह ने पहले विकेट के लिए शानदार बल्लेबाजी की है। प्रियांश ने सिर्फ 24 गेंदों में फिफ्टी पूरी की और दिल्ली के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा। वह 56 रन बनाकर आउट हुए। वहीं प्रभसिमरन सिंह ने 18 रन की पारी खेली।
अय्यर ने संभाली पंजाब की पारी
शुरुआती विकेट गिरने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने कूपर कोनोली के साथ अहम साझेदारी की और टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। अय्यर ने नाबाद 59 रन बनाए। उनके अलावा कूपर कोनोली ने भी उपयोगी योगदान दिया, जिसके दम पर पंजाब 210 रन तक पहुंच सका।
दिल्ली की शुरुआत रही खराब
211 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत बेहद खराब रही। केएल राहुल और अभिषेक पोरेल जल्दी पवेलियन लौट गए। साहिल पारख और ट्रिस्टन स्टब्स भी बड़ी पारी नहीं खेल सके। शुरुआती झटकों के बाद दिल्ली दबाव में नजर आ रही थी।
अक्षर पटेल ने पलटा मैच
मुश्किल समय में कप्तान अक्षर पटेल ने टीम की पारी को संभाला। उन्होंने सिर्फ 30 गेंदों में 56 रन की तेज पारी खेली और मैच को फिर से दिल्ली की तरफ मोड़ दिया। अक्षर की आक्रामक बल्लेबाजी ने पंजाब के गेंदबाजों की लय बिगाड़ दी।
डेविड मिलर ने खत्म किया दबाव
अक्षर पटेल के आउट होने के बाद डेविड मिलर ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने 28 गेंदों में 51 रन बनाए और 4 लंबे छक्के जड़े। उनकी पारी ने दिल्ली को जीत के करीब पहुंचा दिया। आखिर में आशुतोष शर्मा ने 10 गेंदों में 24 रन, माधव तिवारी ने 8 गेंदों में 18 रन और आकिब ने सिर्फ 2 गेंदों में 10 रन बनाकर मैच खत्म कर दिया।
आखिरी ओवर में दिल्ली ने किया कमाल
मुकाबला आखिरी ओवर तक रोमांचक बना रहा, लेकिन दिल्ली के निचले क्रम के बल्लेबाजों ने दबाव में शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत दिला दी। इस जीत के साथ दिल्ली कैपिटल्स ने प्लेऑफ की दौड़ में खुद को बनाए रखा है, जबकि पंजाब किंग्स की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
पंजाब किंग्स की टीम में प्रभसिमरन सिंह, प्रियांश आर्य, कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर, सूर्यांश शेडगे, मार्कस स्टोइनिस, शशांक सिंह, मार्को जानसन, बेन द्वारशुइस, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल शामिल थे। वहीं दिल्ली कैपिटल्स की ओर से केएल राहुल, अभिषेक पोरेल, साहिल पारख, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, अक्षर पटेल, माधव तिवारी, मुकेश कुमार, आकिब नबी डार, मिचेल स्टार्क और लुंगी एनगिडी मैदान में उतरे।
Read More:

