CBI Raid Punjab Vigilance Bureau: पंजाब में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने सोमवार देर रात बड़ी रेड मारते हुए मोहाली स्थित पंजाब विजिलेंस ब्यूरो के दफ्तर पर छापा मारा। इस कार्रवाई के बाद पूरे विभाग में हड़कंप मच गया। सूत्रों के मुताबिक CBI टीम ने विजिलेंस चीफ के रीडर ओ.पी. राणा को हिरासत में लिया है। इसके अलावा रिश्वत मामले में दो अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है।
मलोट में भी हुई तलाशी कार्रवाई
सूत्रों के मुताबिक, CBI की टीमों ने श्री मुक्तसर साहिब जिले के मलोट इलाके की कृष्णा कॉलोनी में भी तलाशी अभियान चलाया है। यहां से राघव गोयल और विकास गोयल को हिरासत में लिया गया। जांच एजेंसी को शक है कि ये लोग कथित रिश्वत सौदे में शामिल रहे थे।
₹25 लाख रिश्वत मांगने का लगा आरोप
सूत्रों के मुताबिक, पूरे मामले का कारण ₹25 लाख की रिश्वत मांग को माना जा रहा है। जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपियों पर एक मामले को प्रभावित करने के बदले पैसे मांगने का आरोप है। CBI ने दावा किया है कि ट्रैप ऑपरेशन के दौरान आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ने की कोशिश की गई।
₹13 लाख नकद बरामद होने का दावा
सूत्रों के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान राघव गोयल के पास से करीब ₹13 लाख नकद बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है। सूत्रों का कहना है कि शिकायतकर्ता सौदे के तहत पूरी रकम के बजाय ₹13 लाख लेकर पहुंचा था। इसी दौरान CBI ने जाल बिछाकर कार्रवाई की और रकम को कब्जे में ले लिया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत FIR
CBI ने ओ.पी. राणा और राघव गोयल के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत FIR दर्ज की है। हालांकि एजेंसी की ओर से अभी तक इस मामले को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच एजेंसी अब हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
फाइव स्टार होटल में डील का क्या है एंगल
सूत्रों के अनुसा, जांच में यह बात भी सामने आई है कि रिश्वत सौदा चंडीगढ़ के एक फाइव स्टार होटल में तय किया गया था। सूत्रों के अनुसार, वहीं पर पैसे देने और मामले को सेट करने की बातचीत हुई थी। इस एंगल की भी गहराई से जांच की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
बड़े भ्रष्टाचार नेटवर्क की आशंका
CBI को शक है कि यह मामला केवल कुछ लोगों तक सीमित नहीं है। जांच एजेंसी अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि क्या विजिलेंस विभाग के भीतर अधिकारियों और बिचौलियों का कोई बड़ा नेटवर्क पनप रहा था। आने वाले दिनों में कई और अधिकारियों से पूछताछ हो सकती है।
अकाली दल नेता मजीठिया का हमला
शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दावा किया कि CBI कार्रवाई में ₹13 लाख बरामद किए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह मामला बड़े अधिकारीयों तक पहुंच सकता है और आने वाले दिनों में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।
Read More:

