बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत(Kangana Ranaut) ने केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के साथ अपने रिश्ते को लेकर चल रही अफवाहों पर खुलकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इन सभी चर्चाओं को सिरे से खारिज करते हुए साफ कहा कि दोनों के बीच किसी भी तरह का रोमांटिक संबंध नहीं है।
एक इंटरव्यू में कंगना ने कहा कि वह पिछले करीब 10 सालों से चिराग पासवान को जानती हैं और दोनों के बीच सिर्फ दोस्ती का रिश्ता है। उन्होंने चुटीले अंदाज में कहा कि अगर उनके बीच वाकई कोई रोमांस होता, तो अब तक परिवार भी बढ़ चुका होता।
कंगना ने चिराग को लेकर क्या कहा ?
कंगना ने आगे कहा कि चिराग एक बेहद मजाकिया और मिलनसार व्यक्ति हैं, जो लोगों को हंसाते हैं, लेकिन अक्सर उनकी पर्सनैलिटी को गलत तरीके से समझ लिया जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि संसद में उनकी मुलाकातों को लेकर अनावश्यक अटकलें लगाई जाती हैं, जबकि यह केवल औपचारिक और सामान्य बातचीत होती है।
दोनों की नजदीकियों की बढ़ी चर्चा
दोनों के बीच नजदीकियों की चर्चाएं तब और बढ़ीं जब उनकी पुरानी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे। दरअसल, कंगना और चिराग ने साल 2011 की फिल्म ‘मिले ना मिले हम’ में साथ काम किया था। हालांकि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रही, लेकिन दोनों की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री को सराहा गया था।
वर्कफ्रंट की बात करें तो कंगना रनौत हाल ही में फिल्म ‘इमरजेंसी’ में नजर आई थीं, जिसमें उन्होंने इंदिरा गांधी का किरदार निभाया था। अब वह आगामी फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ और एक अनटाइटल्ड साइकोलॉजिकल थ्रिलर में आर. माधवन के साथ दिखाई देंगी।