HomeBreaking Newsअसम के पुलिस कैंप पर हमला, तिनसुकिया में 4 कमांडो घायल, CM...

असम के पुलिस कैंप पर हमला, तिनसुकिया में 4 कमांडो घायल, CM सरमा बोले- जल्द पकड़े जाएंगे हमलावर

Assam Police Camp Attack: असम के तिनसुकिया जिले में रविवार तड़के अज्ञात हमलावरों ने एक पुलिस कमांडो कैंप को निशाना बनाते हुए रॉकेट-प्रोपेल्ड ग्रेनेड (RPG) से हमला किया। इस हमले में कम से कम चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना लेखापानी पुलिस स्टेशन के अंतर्गत जगुन चौकी के पास 10th मील इलाके में स्थित कैंप में हुई।

रात करीब 2 बजे हुआ हमला

स्थानीय लोगों के अनुसार हमला रात करीब 2 बजे शुरू हुआ और लगभग 20 मिनट तक चलता रहा। कैंप में मौजूद एक अधिकारी ने बताया कि 2:01 बजे पहली तेज आवाज सुनाई दी, जिसके बाद लगातार कई धमाके हुए। अधिकारियों के मुताबिक हमलावरों ने कम से कम पांच RPG दागे, जिनमें से चार कैंप के भीतर ही फट गए। धमाकों के बाद कुछ समय तक गोलीबारी भी हुई।

संवेदनशील सीमा क्षेत्र में बढ़ी चिंता

यह इलाका असम और अरुणाचल प्रदेश की सीमा के पास स्थित है, जिसे पहले से ही संवेदनशील माना जाता है। घायल कमांडो का इलाज फिलहाल कैंप में ही किया जा रहा है, हालांकि उनकी चोटों की गंभीरता के बारे में अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन

राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि सेना और पुलिस ने उग्रवादियों के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया है। उन्होंने भरोसा जताया कि हमले में शामिल सभी लोग जल्द ही पकड़े जाएंगे। घटना के तुरंत बाद तिनसुकिया के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मयंक कुमार झा के नेतृत्व में वरिष्ठ अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। इसके साथ ही पूरे जिले और ऊपरी असम के अन्य हिस्सों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

पहले भी हो चुका है ऐसा हमला

गौरतलब है कि पिछले साल अक्टूबर में भी तिनसुकिया के काकोपाथर इलाके में इसी तरह का हमला हुआ था, जब संदिग्ध उग्रवादियों ने भारतीय सेना के एक कैंप पर फायरिंग की थी। उस घटना में तीन सैनिक घायल हुए थे। हमलावर उस समय भी मौके से फरार हो गए थे, हालांकि सेना ने तुरंत जवाबी कार्रवाई करते हुए इलाके को सुरक्षित कर लिया था। ताजा हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं और पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है, ताकि हमलावरों को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।

Read More: 

अगले हफ्ते 4 दिन बंद रहेंगे बैंक, पहले ही निपटा लें जरूरी काम, जानें कब-कब नहीं खुलेंगी बैंक शाखाएं?

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments