मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह(Badshah) अपने गाने ‘टटीरी’ को लेकर बढ़ते विवाद में घिरते नजर आ रहे हैं। मामले ने तूल पकड़ते हुए अब कानूनी मोड़ ले लिया है। इसी क्रम में हरियाणा राज्य महिला आयोग ने सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस को उनकी गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।
आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने पंचकूला और पानीपत के पुलिस अधीक्षकों को पत्र जारी कर कहा है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिया है कि जांच पूरी होने तक बादशाह का पासपोर्ट जब्त किया जाए।
समन के बावजूद नहीं हुए पेश
दरअसल, महिला आयोग ने बादशाह को शुक्रवार को आयोग के सामने पेश होने के लिए समन भेजा था। हालांकि तय तारीख और समय पर वे आयोग के सामने उपस्थित नहीं हुए। इसे गंभीरता से लेते हुए आयोग ने पुलिस प्रशासन को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए हैं।
आयोग ने यह भी साफ कर दिया है कि जब तक इस मामले में स्थिति स्पष्ट नहीं हो जाती, तब तक हरियाणा में बादशाह के किसी भी शो या कार्यक्रम को आयोजित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
महिलाओं के सम्मान पर कोई समझौता नहीं
महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने कहा कि राज्य में महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस मुद्दे पर किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
इसके साथ ही राज्य के विभिन्न जिलों के अधिकारियों को भी नोटिस भेजे गए हैं, ताकि प्रदेश में कहीं भी बादशाह का कार्यक्रम आयोजित न हो सके। इस पूरे मामले में उत्तराखंड राज्य महिला आयोग भी हरियाणा महिला आयोग के साथ सहयोग करेगा।