वेस्ट एशिया में ईरान, इज़राइल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के कारण देश में कमर्शियल एलपीजी (LPG) की सप्लाई प्रभावित हो रही है। होर्मुज स्ट्रेट में आवाजाही बंद होने के चलते गैस के आयात पर असर पड़ा है, जिससे रेस्टोरेंट और होटलों के साथ-साथ रेलवे स्टेशनों पर भी खानपान की सुविधाओं पर दबाव पड़ने की संभावना बढ़ गई है।
IRCTC ने उठाया आवश्यक कदम
इस बीच, इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) ने यात्रियों को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए हैं। IRCTC(IRCTC News) ने वेस्ट जोन के सभी कैटरिंग लाइसेंसधारकों को निर्देश दिया है कि वे LPG की कमी की स्थिति में तैयार रहें। फूड प्लाजा, रिफ्रेशमेंट रूम और जन-आहार में यात्रियों को भोजन उपलब्ध कराने के लिए प्लान पहले से तैयार किया जाए।
कमर्शियल सिलेंडरों की किल्लत हो सकती है गंभीर
जानकारों का कहना है कि यदि यह स्थिति लंबे समय तक बनी रहती है, तो कमर्शियल सिलेंडरों की किल्लत और गंभीर हो सकती है। IRCTC ने इसे ध्यान में रखते हुए यह सुनिश्चित किया है कि रेल यात्रियों को किसी भी तरह की असुविधा न हो। हालांकि यह निर्देश फिलहाल वेस्ट जोन के लिए जारी किया गया है, लेकिन देशभर में हालात पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
IRCTC ने कैटरिंग ऑपरेटर्स से यह भी कहा है कि LPG की कमी की स्थिति में वे माइक्रोवेव ओवन और इंडक्शन कुकिंग सिस्टम जैसे विकल्पों का इस्तेमाल करें, ताकि खाना बनाना निरंतर जारी रह सके। इस तरह रेल यात्रियों को खाने-पीने की सुविधाओं में कोई बाधा न आए।